सरकारी विभाग में फोगिंग करती नगर परिषद की टीम।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। थोड़ी राहत के बाद जिलेे में कोरोना ने फिर से दस्तक दे दी है। सोमवार को जिले में तीन लोग संक्रमित मिल है। ये संक्रमित शहरी क्षेत्र, मंदौला और घसौला गांव से है। मगर राहत भरा समाचार है कि सोमवार को डेंगू का कोई नया केस सामने नहीं आया। अब तक जिले में 67 डेंगू संक्रमित सामने आ चुके है, जिनमें से 11 का इलाज चल रहा है। मलेरिया के अब तक छह पॉजिटिव केस मिले हैं। दूसरी ओर प्रशासन मच्छर जनित रोग एवं कोविड महामारी को लेकर सतर्क हो गया है। उपायुक्त ने जलभराव वाले स्थानों पर काला तेल डालने और जल्द से जल्द से पानी निकासी के आदेश दिए है।
सोमवार को जिले में कोविड के भी तीन मामले सामने आए हैं। इनमें एक दादरी शहर, एक गांव मंदौला और एक केस घसौला गांव का है। जिले में अब तक 5079 कोरोना के मामले सामने आ चुके है। इनमें से 4937 संक्रमित ठीक व 139 की मौत हो चुकी है। उपायुक्त प्रदीप गोदारा ने कहा कि कोरोना का फिर से पाया जाना यह साबित करता है कि अभी यह वायरस खत्म नहीं हुआ है। इसलिए सभी लोगों को वैक्सीन अवश्य लगवानी चाहिए, अन्यथा यह बीमारी फिर से अपने पांव पसार सकती है। इसके अलावा उन्होंने मलेरिया, डेंगू, वायरल के मामले की रोकथाम के लिए सिविल सर्जन डॉ. सुदर्शन पंवार कड़े कद उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से जिले में डेंगू के केस बढ़ते जा रहे हैं। इन मामलों का बढ़ना आमजन के लिए ठीक नहीं है। किसी भी बुखार का संक्रमण तेजी से फैलता है और इससे बीमार के आसपास रहने वाले परिजन या पड़ोसी भी संक्रमित हो सकते हैं। दादरी में डेंगू के फिलहाल 67 व मलेरिया के 6 मामले हैं।
उपायुक्त ने संक्रमण रोगों को रोकने के लिए नगर परिषद अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि जहां भी पानी खड़ा हुआ है, वहां डीजल या काला तेल उसमें डाला जाए। वहीं, उपायुक्त ने शहर की सभी गलियों में फॉगिंग शुरू करने के भी निर्देश दिए है। प्रदीप गोदारा ने कहा कि घर में कूलर, गमले, कुंडी, पुराने टायर में पानी जमा नहीं रहे। कूलर को साफ कर उसका प्रयोग किया जाए। बच्चे फुल स्लीव की टी शर्ट, शर्ट, जुराब, पैंट व पाजामा पहनें जिससे कि मच्छरों से बचाव रहे।
डेंगू के उपचार के लिए पुख्ता हैं इंतजाम: सीएमओ
सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने बताया कि सामान्य अस्पताल में डेंगू के इलाज के लिए पूरे इंतजाम किए गए हैं। अस्पताल में एलाइजा टेस्ट और अन्य शारीरिक जांच की व्यवस्था की गई है। डेंगू से पीड़ित रोगियों की देखभाल के लिए अलग से वार्ड बनाया गया है। उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए शहर में जल्दी ही स्वास्थ्य विभाग किसी सामाजिक संगठन के सहयोग से घुटने तक की लंबी जुराबें बंटवाएगा। ये जुराब जरूरतमंद नागरिकों को निशुल्क बांटी जाएंगी।
-----
फोटो 23
शहर में फोगिंग करती टीम।