चरखी दादरी में किसानों ने भाजपा नेता बबीता फौगाट को काले झंडे दिखाए।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा में किसानों की तरफ से भाजपा-जजपा नेताओं का विरोध जारी है। चरखी दादरी में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन में हिस्सा लेने पहुंची महिला विकास निगम की चेयरपर्सन एवं भाजपा नेत्री बबीता फौगाट को किसानों ने काले झंडे दिखाए।
इससे पहले संयुक्त किसान मोर्चा ने योग दिवस मनाने के लिए भाजपा-जजपा नेताओं को गांवों में घुसने से रोकने की बात कही थी। किसान नेताओं ने कहा कि भाजपा-जजपा नेताओं को पहले ही किसी भी कार्यक्रम के लिए गांवों में आने पर विरोध की चेतावनी दी हुई है, लेकिन उसके बावजूद योग दिवस मनाने के लिए उनके गांवों में जाने की बात सामने आई है। इसलिए ही सभी गांवों के लोगों से अपील की गई है कि भाजपा-जजपा नेताओं को गांवों में नहीं घुसने दिया जाए।
कुंडली बॉर्डर धरनास्थल पर संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य कवलप्रीत पन्नू, जंगबीर चौहान, मुकेश शर्मा, जोगिंदर सिंह, रविंदर पाल कौर ने कहा कि 26 जून को खेती बचाओ लोकतंत्र बचाओ नाम से राज्यपाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के सुकमा में चल रहे किसानों के आंदोलन को समर्थन देने का फैसला लिया गया है।
किसान नेताओं ने कहा कि सरकार लगातार षडयंत्र रचकर आंदोलन को तोड़ना चाहती है, लेकिन अपनी मांग पूरी होने के बाद ही किसान यहां से घर जाएंगे। इसलिए सरकार को समझ जाना चाहिए और किसान लगातार सरकार से बातचीत के लिए तैयार है। इसलिए सरकार को बिना शर्त बातचीत शुरू करनी चाहिए, जिससे समस्या का समाधान निकल सके।