चरखी दादरी। लीकेज पेयजल लाइन को ठीक करने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई गड्ढे खोदने तक ही सीमित है। पिछले एक माह से काठमंडी रोड पर खोदे गए गड्ढे जस के तस है। अब तक न तो विभाग ने पेयजल लाइन लीकेज को दुरुस्त किया है और न ही इन गड्ढों को भरा है। विभागीय रवैये के चलते स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने विभाग के खिलाफ शुक्रवार को रोष जाहिर किया। लोगों का कहना है कि विभाग के उदासीन रवैये के चलते उन्हें पेयजल संकट झेलना पड़ रहा है, जबकि खोदे गए गड्ढों के चलते कभी भी कोई हादसा हो सकता है।
शहर के काठमंडी रोड पर पिछले लंबे समय से पेयजल लाइन लीकेज कर रही है जिसके चलते दूषित और अपर्याप्त आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। लोग कई बार विभाग से समस्या के समाधान की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक नतीजा सिफर है। स्थानीय लोगों ने बताया कि लाइन लीकेज को दुरुस्त करने के लिए विभाग ने यहां करीब एक माह पहले दो गड्ढे खोदे थे, लेकिन इससे आगे कोई कदम नहीं उठाया गया।
दुकानदारों व वार्ड के लोगों का कहना है कि पेयजल लाइन लीकेज के कारण घरों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है और सप्लाई में आने वाले पानी को वो किसी काम में प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं। लोगों ने बताया कि पिछले करीब दो माह से वो समस्या का दंश झेल रहे हैं, लेकिन विभाग समाधान के प्रति संजीदा नहीं है। दुकानदार सुभाषचंद, लक्ष्मी, सुरेंद्र, पवन कुमार, सुभाष दरड़, रोशनलाल, व महासिंह ने बताया कि विभाग ने जो गड्ढे खोदकर खुले छोड़ रखे हैं, वो किसी हादसे का कारण बन सकते हैं। दुकानदारों का कहना है कि अगर विभाग जल्द ही समस्या का समाधान नहीं करता है तो वे कड़ा कदम उठाने को विवश होंगे।
...................
लोग बोले : वार्ड की मुख्य सड़क पर कभी भी हो सकता है हादसा
- पेयजल लाइन दुरुस्त करने के लिए दो जगह सड़क किनारे गड्ढे खोदकर विभाग ने जस के तस छोड़ दिए हैं। यह वार्ड की मुख्य सड़क है और गहरे गड्ढों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है ।
- रेलूराम, दुकानदार।
पेयजल लाइन दुरुस्त करने के लिए गड्ढा खोदा गया, लेकिन न तो लीकेज ठीक की गई और न ही गड्ढों को भरा गया। विभाग के उदासीन रवैये के चलते लोग परेशान हैं और पेयजल संकट का दंश झेल रहे हैं।
- धर्मबीर, दुकानदार।
-
लाइन लीकेज होने के कारण वार्ड के घरों में पेयजल संकट गहराया हुआ है। विभाग को तुरंत प्रभाव से लाइन लीकेज ठीक कर गड्ढों को भरना चाहिए, ताकि यहां कोई हादसा न हो और लोगों को पेयजल संकट से राहत मिले।
- अनिल कुमार, दुकानदार।
एक माह से गड्ढे खोदे हुए हैं और इनके चलते कोई भी हादसा हो सकता है। विभाग समस्या के समाधान के प्रति कतई गंभीर नहीं है और इसका खामियाजा वार्ड वासियों को भुगतना पड़ रहा है।
- विजय, दुकानदार।
.............
वर्जन -
काठमंडी क्षेत्र में कई जगहों पर लीकेज की समस्या है और यह काम रुका हुआ था। सोमवार को हम समस्या का समाधान करवा देंगे।
- संजीव त्यागी, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग।