चरखी दादरी। उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के मिलकर प्रयास करने पर ही किसी भी मुहिम को उसके मुकाम तक पहुंचाया जा सकता है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण व जल संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सरकार व प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। उपायुक्त श्यामलाल पूनिया रविवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर अटेला कलां के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान योग और पौधरोपण मुहिम में भाग लेकर ग्रामीणों को इसके लिए प्रेरित किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपायुक्त ने ग्रामीणों व विद्यार्थियों को जल संरक्षण और नशामुक्ति की शपथ भी दिलवाई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को मिलकर प्रयास करने होंगे। कुछ दशकों से हमारा पर्यावरण लगातार प्रदूषित हो रहा है, जिससे पृथ्वी पर रहने वाले जीव-जंतु और जलवायु समेत सभी चीजें प्रभावित हुई हैं।
उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का एकमात्र उद्देश्य है लोगों को इसके प्रति जागरूक करना, ताकि लोग ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण करें, ना की पेड़ों की कटाई। ऐसे में यह जीवनदायिनी पेड़-पौधे ही अगर नहीं रहेंगे तो हम या हमारी आने वाली पीढ़ी कैसे रहेगी। हमें एकजुट होकर इसे गंभीरता से लेना होगा। उपायुक्त ने कहा कि वन प्रबंधन, ग्रीन हाउस गैस को नियंत्रण करना, पनबिजली संयंत्र का उपयोग या सोलर ऊर्जा के इस्तेमाल करने से ही हमारा वातावरण शुद्ध हो सकता है।
बच्चों को जोड़े पर्यावरण और मिट्टी से -
उपायुक्त ने कहा कि हमें स्वयं के साथ-साथ अपने बच्चों को भी मिट्टी व पेड़-पौधों के साथ जोड़ना चाहिए। हमें रोजमर्रा की दिनचर्या के दौरान पानी की बर्बादी रोकनी होगी और वर्षा जल का संग्रहण कर उसे घरेलू कार्यों में प्रयोग करें। उपायुक्त ने कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों से जल संरक्षण व नशा के दुष्प्रभावों बारे पूछा। जिस पर स्कूली छात्राओं ने कार्यक्रम में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नशा मुक्ति व जल संरक्षण विषयों पर अपने विचार रखे और ग्रामीणों को अच्छा संदेश भी दिया।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर डीपीसी कुलदीप फौगाट, एसडीएम अनिल कुमार यादव, नगराधीश नरेंद्र कुमार, तहसीलदार बंसीलाल, क्रेशर जोन प्रधान अनिल कुमार, गोशाला प्रधान आजाद सिंह आदि मौजूद रहे।