चरखी दादरी के सेक्टर 8-9 रोड से सीआईए स्टाफ ने बाइक सवार तीन युवकों को अवैध हथियार समेत काबू किया है। उनके पास से पुलिस को दो देसी पिस्तौल व दो कारतूस बरामद हुए। तीनों आरोपियों के खिलाफ शहर पुलिस थाने में सशस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
स्पेशल स्टाफ एएसआई नरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ लोहारू चौक पर अपराध की रोकथाम के लिए तैनात थे। उसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि तीन बाइक सवार युवक अवैध हथियार लिए सेक्टर 8-9 रोड पर खडे़ हैं। अगर तुरंत दबिश दी जाए तो आरोपी हथियार सहित काबू किए जा सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
तभी सामने से आ रही एक बाइक को टीम के कर्मचारियों ने रुकवा लिया। इसके बाद तीनों युवकों से पूछताछ की। उन्होंने अपनी पहचान वाल्मीकि बस्ती निवासी सन्नी उर्फ बिल्ला, प्रशांत उर्फ बाबू व विशाल उर्फ गप्चु के रूप में बताई। इसके बाद सभी की नियमानुसार तलाशी ली गई। इस दौरान विशाल की दाहिनी जेब से एक 315 बोर की देसी पिस्तौल, दो कारतूस बरामद हुए। वहीं सन्नी के पास से भी एक देसी पिस्तौल बरामद हुई। प्रशांत से तालशी के दौरान टीम को कोई अवैध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने सभी अवैध हथियारों को कब्जे में ले लिया और युवकों को बाइक समेत थाने ले जाकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।