झोझूकलां निवासी परिवार कलियाणा मोड़ के समीप सड़क हादसे का शिकार हुआ। मृतक का पुलिस ने दादरी सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया है। दोनों बेटे पिता को चिकित्सक को दिखाने दादरी आ रहे थे, रास्ते में हादसा हो गया।
हरियाणा के चरखी दादरी शहर के कलियाणा मोड़ के समीप मंगलवार रात एक तेज रफ्तार डंपर ने अल्टो को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में अल्टो सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उसके दोनों बेटे घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, लेकिन परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए। शहर थाना पुलिस ने बुधवार दोपहर शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया और घायल बड़े बेटे के बयान पर डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
विज्ञापन
पुलिस को दिए बयान में झोझूकलां निवासी ओमबीर ने बताया कि मंगलवार रात उसके पिता उमराव सिंह (90) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पिता को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। वह अपने छोटे भाई राजबीर को साथ अल्टो में सवार होकर पिता को चिकित्सक के पास दिखाने के लिए दादरी आ रहे थे। ओमबीर ने बताया कि जब वे शहर के कलियाणा मोड़ पर पहुंचे तो सामने से एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार को सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें वह, उसके पिता बुजुर्ग उमराव सिंह और उसका भाई राजबीर घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उमराव सिंह को मृत घोषित कर दिया जबकि घायल ओमबीर व राजबीर को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। परिजन उन्हें पीजीआई ले जाने के बजाय शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए।