हरियाणा के चरखी दादरी के गांव हंसावास खुर्द में प्रतिबंधित पशु मांस पकाने के शक में प्रवासी श्रमिक की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के सामने अपना अपराध कबूल लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पीट-पीटकर हत्या में प्रयोग किए लाठी-डंडे और बाइक को बरामद कर लिया है। इधर, पुलिस ने इस मामले में आठवें आरोपी बिरही कलां निवासी मोहित को गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
बाढड़ा के डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि पुलिस ने मौके पर जाकर तथ्य एवं सबूत भी एकत्रित किए हैं। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लाठी-डंडे व मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपियों ने प्रवासी मजदूर की मारपीट कर हत्या करने की बात कबूल कर ली है। पुलिस जांच कर रही है। प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल मुस्तैद है। आमजन से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
सोशल मीडिया पर नजर रख रही पुलिस
डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए है। मामले में अनावश्यक टिप्पणी करने और सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वालाें की पहचान उजागर होने पर कार्रवाई की जाएगी। जिले में पुलिस और एसएसबी के जवान तैनात हैं।
फोरेंसिक लैब के रिपोर्ट आने के बाद होगी अगली कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि प्रवासी मजदूरों के पास से बरामद मांस के सैंपल को फोरेंसिक लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा कि मांस संरक्षित पशु का है या किसी अन्य पशु का। रिपोर्ट के आधार पर ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
यह है मामला
बता दें कि पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिला निवासी सुजाउद्दीन सरदर व उसका रिश्तेदार बाढ़ड़ा में जुई रोड पर झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रहते हैं। वे कूड़ा बीनने का काम करते हैं। सुजाउद्दीन की बहन शकीना सरदर भी पति साबिर मलिक के साथ बच्चों सहित बाढ़ड़ा में रहती है। 27 अगस्त को कुछ लड़कों ने साबिर मलिक को कबाड़ देने के बहाने बस स्टैंड की ओर बुला लिया। इसके आद असम निवासी असीरुद्दीन को भी वहीं बुलाया। बाद में उन्हें डंडों से खूब पीटा और बाइक पर बैठाकर ले गए। कुछ देर बाद गांव भांड़वा में साबिर का शव पड़ा मिला। इसके बाद सुजाउद्दीन ने उक्त लड़कों पर साबिर मलिक की हत्या का आरोप लगाया। केस दर्ज होने पर एसपी पूजा वशिष्ठ ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की थीं। 28 अगस्त को बाढड़ा थाना प्रबंधक व निरीक्षक तेजपाल की टीम ने इस मामले में दो नाबालिगों समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पहले पकड़े गए आरोपियों में अभिषेक उर्फ शाका, रविंद्र उर्फ कालिया, मोहित, कमलजीत व साहिल उर्फ पप्पी आदि शामिल हैं। अब आठवां आरोपी मोहित को भी पुलिस ने काबू कर लिया है। विदित हो कि शुक्रवार को एसपी ने हंसावास खुर्द का दौरा कर मजदूरों से बातचीत की थी।