बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा का निमंत्रण देकर शुक्रवार रात घर लौट रहीं भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रामरती फौगाट की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में उनकी गाड़ी का चालक संतुलन खो बैठा। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक को देर रात ही रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। शनिवार दोपहर बाढड़ा थाना पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाया।
शनिवार सुबह बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र की तिरंगा यात्रा निकाली जानी थी और महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रामरती फौगाट हलके के गांवों में यात्रा का निमंत्रण देने गई हुईं थीं। देर शाम वे गांवों का दौरा कर वापस लौट रहीं थीं। जब वे गांव के समीप पहुंची तो एक बाइक सवार अचानक से उनकी गाड़ी के सामने आ गया।
उसे बचाने के प्रयास में चालक ने कट मारा तो वह गाड़ी से संतुलन खो बैठा। महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष की गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में रामरती फौगाट और उनका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें निजी अस्पताल में लाया गया जहां चिकित्सकों ने रामरती को मृत घोषित कर दिया जबकि चालक को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रामरती फौगाट के निधन पर शोक व्यक्त किया है।