चरखी दादरी। प्रशासन व बिजली विभाग की लापरवाही के एक बार फिर गोवंश पर भारी पड़ी। वार्ड 14 में लोहे के खंभे में करंट आने के कारण उसकी चपेट में आने से रविवार को गोवंश की मौत हो गई। इसके विरोध में गो भक्तों ने बिजली निगम के खिलाफ रोष जताया।
रिंपी फौगाट ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में यहां तीसरा हादसा हुआ है। इससे पहले एक गाय और बछडे़ को करंट लगा था। उन्होंने बताया कि लोग बिजली निगम से जमीन पर रखे ट्रांसफार्मरों को एच पोल पर लगवाने और लोहे के खंभों को बदलवाने की कई बार मांग कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि लगातार बिजली पोल की चपेट में आकर गोवंश दम तोड़ रहे हैं, लेकिन निगम अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। इसके विरोध में संजय बुद्धु, केदारनाथ सरोहा, सतीश, राजबीर ढिढोरिया, रत्न सरोहा, महावीर बंसल, श्रद्धानंद, दीपक कटारिया, किरोडी सरोहा, अरुण सरोहा, आशिष चौहान आदि ने रोष जताया और प्रशासन से समस्या का समाधान करवाने की मांग की।