दादरी कोर्ट से बाइक पर अपने घर लौट रहे दंपती का रास्ता रोककर कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घायल पक्ष के बयान पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में जिला भिवानी के गांव जुई बिचली निवासी ऋषिकेश ने बताया कि दादरी निवासी एक व्यक्ति ने उसके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज करवाया था। बुधवार को वह और उसकी पत्नी बाइक पर दादरी कोर्ट आए थे। दोपहर करीब 12 बजे वो दोनों अपने घर के लिए वापस चल दिए। उसी दौरान करीब दोपहर एक बजे डोहका मोड़ के समीप पहुंचे तो आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया। ऋषिकेश का आरोप है कि उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर आरोपी फरार हो गए और घायलावस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां पहुंचकर पुलिस ने घायल के बयान पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।