चरखी दादरी। चार दिन पहले कोरोनामुक्त हुए दादरी जिले में एक कोरोना पॉजिटिव केस सामने आया है। कोरोना केस मिलने पर उपायुक्त ने डुडीवाला को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। इसके अलावा उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को कंटेनमेंट जोन में रहने वाले लोगों की स्क्रीनिंग करने के आदेश दिए हैं।
जिलाधीश ने जिला आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 26 के तहत आदेश जारी करते हुए डुडीवाला को कंटेनमेंट जोन बनाया है। उन्होंने सभी जिलावासियों को सावधानी के साथ दैनिक कार्य करने की हिदायत दी है। उपायुक्त ने कहा है कि कई दिनों बाद कोरोना का केस आया है। कहीं ना कही बरती जा रही लापरवाही ही इसका कारण है। ऐसे में लोगों को पहले से भी अधित सावधान रहने की जरूरत है। सभी को समझना होगा कि हमारी लापरवाही से ही कोरोना की तीसरी लहर के आने का खतरा है। हालांकि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और तैयारियों में जुटा हुआ है। संवाद