चरखी दादरी। बिरही कलां परीक्षा केंद्र के बाहर बाइक पर बैठकर युवक के प्रश्नपत्र हल करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इस संबंध में केंद्र अधीक्षक प्रदीप ने सदर थाना पुलिस को शिकायत सौंपी थी।
गौरतलब है कि वीरवार को दसवीं सामाजिक विज्ञान की परीक्षा के दौरान बोर्ड चेयरमैन जगबीर सिंह बिरही कलां परीक्षा केंद्र पर पहुंचे थे। केंद्र के समीप ही उन्हें बाइक पर बैठा एक युवक मोबाइल में देखकर प्रश्नपत्र सॉल्व करता मिला था। उक्त युवक तो वहां से भागने में कामयाब हो गया जबकि वो अपना मोबाइल वहीं छोड़ गया। बोर्ड चेयरमैन ने मोबाइल की जांच की तो इसमें प्रश्न पन पत्र की फोटो के साथ उत्तर भी मिले थे। वहीं, इस मामले में वीरवार को ही केंद्र अधीक्षक प्रदीप ने सदर थाना पुलिस को शिकायत सौंप दी थी। पुलिस ने इस संबंध में धारा 188, 120-बी और 72 आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।