बाढड़ा। गांव नांधा में ढाणी की ओर जाने वाले मार्ग पर दूषित पानी भरा होने से ग्रामीणों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। पंचायत विभाग के अधिकारियों से कई बार गुहार लगाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। रविवार को विभागीय नजरअंदाजी से खफा ग्रामीणों ने रोष जताया।
ग्रामीण बिमला, मुकेश, जयवीर, टिंकू, अजीत, रणजीत, सरजीत व राकेश आदि ने बताया कि गांव के मुख्य रास्ते में कीचड़ व गंदा पानी भरा होने से लोगों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। समस्या के समाधान की गुहार वो जन प्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों तक लगा चुके हैं, लेकिन नतीजा सिफर है। ग्रामीणों ने बताया कि दूषित पानी भरने के चलते विद्यार्थियों को भी स्कूल पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि जलभराव की स्थिति कई दिन से बनी है और इसके चलते लोगों के जहन में बीमारियां फैलने का अंदेशा भी बना हुआ है।