चरखी दादरी। शहरवासियों को लावारिस गोवंश की समस्या से निजात नगर परिषद की ओर से सोमवार से गोवंश पकड़ो अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए दस कर्मचारियों की टीम भी गठित कर दी गई है। इससे पहले गोवंश की संख्या का आकलन करने के लिए नप अधिकारियों ने रात के समय सर्वे शुरू किया गया है। पहले रात वीरवार को नप टीमों को मुख्य बस स्टैंड रोड पर 45 गोवंश घूमते मिले और रविवार रात तक सर्वे कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
नप सूत्रों के अनुसार तीन दिन पहले आयोजित रोड सेफ्टी की बैठक में सड़कों पर घूमने वाले लावारिस गोवंश का मुद्दा उठा था। इस पर डीसी प्रदीप गोदारा ने नप ईओ सुमनलता को शहर में गोवंश और अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के आदेश दिए थे। इन आदेशों पर अमल करते हुए नप ने वीरवार से अतिक्रमण अभियान के साथ गोवंश पकड़ने का अभियान शुरू करने की तैयार कर ली है। गोवंश पकड़ने से पहले नप अधिकारी इनकी संख्या का पता लगाने के लिए गोवंश का सर्वे करवा रहे हैं। चार सदस्यीय टीम सर्वे कर रही है और वीरवार रात से इसकी शुरुआत हुई है। पहले दिन 45 गोवंश गिने गए और शुक्रवार, शनिवार व रविवार रात तक सर्वे चलेगा, जिसमें शहर की सड़कों पर घूमने वाले गोवंश की संख्या का पता चलेगा। इसके बाद सोमवार से शहर में अभियान शुरू किया जाएगा।
जगह की जरूरत : लावारिस गोवंश 800 से अधिक, जगह सिर्फ 70 की
करीब चार साल पहले जिला प्रशासन ने शहर के 90 प्रतिशत और गांवों के 60 फीसदी गोवंश को पकड़कर नंदीशाला में छुड़वा दिया था। इसके तहत दादरी शहर में एक नंदीशाला बनाई गई थी जिसके रख-रखाव की जिम्मेदार नगर परिषद की थी। इस नंदीशाला में इस समय 170 गोवंश हैं जबकि करीब 70 गोवंश यहां और रखे जा सकते हैं। वहीं, शहर में घूमने वाले गोवंशों की संख्या 800 से अधिक है और इस स्थिति को देखते हुए नगर परिषद को तुरंत प्रभाव से और जगहों पर व्यवस्थाएं करने की जरूरत है।
गोशाला संचालकों से मांगा जाएगा सहयोग
सूत्रों के अनुसार अगले सप्ताह ईओ इस संबंध में गोशाला संचालकों के साथ बैठक करेंगी, जिसमें उन्हें स्थिति और डीसी के आदेशों से अवगत करवाते हुए सहयोग मांगा जाएगा। सूत्रों के अनुसार प्रति गोवंश खर्च पर भी बैठक में मंथन किया जाएगा, ताकि कोई आगे प्रस्ताव तैयार होता है तो उसमें भी आसानी रहे।
सड़कों हादसों का कारण बन रहे लावारिस पशु
जिले में लावारिस पशु भी सड़क हादसों का ग्राफ बढ़ने का मुख्य कारण हैं। पिछले अगर पांच सालों की बात करें तो लावारिस पशु के चलते 11 लोग सड़क हादसों में जान गंवा चुके हैं। शहर की सड़कों पर रात के समय गोवंश का झुंड बैठा रहता है, जिसके चलते वाहन चालकों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ता है। पिछले करीब डेढ़ साल से गोवंश पकड़ो अभियान शहर में बंद है।
सोमवार से हम लावारिस गोवंश पकड़ो अभियान शहर में शुरू कर देंगे। इसके लिए सर्वे करवाया जा रहा है। नंदीशाला में करीब 70 और गोवंश को रखने की जगह है। इसके बाद गोवंश को अन्य किसी जगह पर रखा जाएगा और उसका चयन भी जल्द कर लिया जाएगा।
सुमनलता, ईओ, नगर परिषद