चरखी दादरी। करीब तीन माह पूर्व बीच बाजार स्कोर्पियो सवार युवकों पर फायरिंग करने के मुख्य आरोपी को सीआईए ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गांव फतेहगढ़ निवासी अमित उर्फ मिट्ठा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि 23 मार्च को माजरा दूबलधन निवासी सुरेंद्र उर्फ सोनू ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि वो कृष्ण उर्फ फोरड की गाड़ी चलाता है। 23 मार्च को वो कृष्ण के साथ स्कोर्पियो में सवार होकर दादरी शहर के बाजार आया था। उसी दौरान कैंपर सवार युवकों ने उनकी स्कोर्पियो के सामने अपनी गाड़ी लगा दी। इसी दौरान बाइकों पर सवार होकर कुछ युवक भी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने पहले उनके साथ मारपीट कर फायरिंग की। इसके बाद आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने 19 जून को फतेहगढ़ से मुख्य आरोपी अमित उर्फ मिट्ठा को गिरफ्तार कर लिया है।
इन आरोपियों की पहले हो चुकी गिरफ्तारी
फायरिंग मामले में भीष्म उर्फ बंटी, अंकित, पीयूष उर्फ सौरभ, मोहित, अंकित मानकावास, सागर, आशु, नवीन उर्फ धर्मबीर, नमन उर्फ गोलू व रोहित को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
आरोपी पर हत्या के प्रयास, लड़ाई झगडे़ और लूट के ये 16 मामले हैं दर्ज
1- सिटी थाने में 22 अगस्त 2017 को हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज।
2- 31 अक्तूबर 2017 को दादरी सदर थाने में सशस्त्र अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज।
3- 5 मई 2018 को सदर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज।
4- 8 व 16 जून 2018 को दादरी सदर थाने में सशस्त्र अधिनियम व धारा 174-ए के तहत दो केस दर्ज।
5- 12 व 19 मई 2018 को दादरी सिटी थाने में सशस्त्र अधिनियम के तहत दो केस दर्ज।
6- 11 फरवरी 2019 को दादरी सिटी थाने में मारपीट व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ।
7- 31 अगस्त 2019 को दादरी सदर थाने में सशस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज हुआ।
8- 10 अक्तूबर 2019 को 120-बी समेत आर्म्स एक्ट, अन्य धाराएं व लूट और आर्म्स एक्ट के तहत दो केस दर्ज।
9- 4 मई 2019 को दादरी सदर थाने में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज।
10- 4 व 14 जुलाई 2019 को बाढड़ा थाने में सशस्त्र अधिनियम व अन्य धाराएं, दादरी शहर थाने में मारपीट व अन्य धाराओं के तहत दो केस दर्ज।
11- 10 अक्तूबर 2019 को दादरी सिटी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज।