हरियाणा के चरखी दादरी में बाढड़ा मंडी में सरसों व गेहूं के धीमे उठान से किसान और आढ़ती परेशान हैं। बुधवार को आक्रोशित आढ़तियों व किसानों ने मंडी को ताला जड़ दिया और गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद ही एसडीएम सुरेश दलाल के स्टाफ की ओर से समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया गया और 15 मिनट बाद ही उन्होंने गेट पर जड़ा ताला खोल दिया।
बाढड़ा मंडी आढ़ती एसोसिएशन प्रधान हनुमान शर्मा ने बताया कि आढ़ती पिछले एक माह से ट्रांसपोर्टर को गाड़ियों की संख्या बढ़ाने की बात कह रहे हैं, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। यही कारण है कि उठान धीमा चल रहा है जिससे किसानों का भुगतान भी अटका हुआ है।
उन्होंने बताया कि ठेकेदार के सहायक मुकेश कुमार से जब आढ़ती खुद की गाड़ी लगाकर माल उठान करवाने की बात कहते हैं तो वो मना कर देता है। वहीं, एसडीएम ऑफिस के लिपिक जसवंत ने प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की। लिपिक ने कहा कि एसडीएम सुरेश दलाल बैठक में हैं और दोपहर बाद उन्होंने समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया है।
लिपिक का आश्वासन सुनकर आढ़तियों और किसानों ने अनाज मंडी का गेट खोल दिया और शांत होकर मंडी में चले गए। इस मौके पर भाकियू जिला प्रधान हरपाल, कमल सिंह, रामअवतार, योगेश, कृष्ण धनासरी, सुभाष, शेखर बाढड़ा, प्रीतम व मुन्ना आदि मौजूद रहे।