फसल खरीद को लेकर अधिकारियों की बैठक लेते उपायुक्त प्रदीप गोदारा।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर फसल के पंजीकरण का सही मिलान न होने वाले किसानों के फोन पर मैसेज कर सूचित किया जाए। संबंधित किसान अपने नजदीकी सीएससी पर जाकर जल्द से जल्द फसल का पंजीकरण सही करवाएं। यह बात उपायुक्त प्रदीप गोदारा ने कार्यालय में बाजरे व अन्य खरीफ फसलों की खरीद को लेकर आयोजित बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को संबोधित करते समय कही।
उपायुक्त ने कहा कि फसल खरीद के लिए 10 जगहों पर खरीद केंद्र बनाए जाएंगे। जिनमें हैफेड व हरियाणा वेयर हाउसिंग सहित अनेक एजेंसियों द्वारा बाजरे की खरीद की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों के लिए सुविधा केंद्र बनाए जाएं और खरीद केंद्रों में बिजली, पानी व शौचालयों सहित सभी प्रकार की सुविधाओं की व्यवस्था जरूर की जाए। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग व मार्केट कमेटी द्वारा जिला के प्रत्येक गांव के पंचायत घर व मुख्य चौक पर फसल पंजीकरण मिलान न होने वाले किसानों की सूची चस्पा करवाएं। किसानों को सूचित किया जाए कि वे अपने नजदीकी किसी भी सीएससी पर जाकर अपनी फसल का पंजीकरण सही करवाएं, ताकि उन्हें फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में नगराधीश अमित मान, जिला खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी बी एस दून, मार्केटिंग बोर्ड के जिला प्रबंधक श्याम सुंदर, सचिव परमजीत, डीआईओ अमित लांबा, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपमंडल अभियंता कृष्ण कुमार, दीपक खंडेलवाल, हैफेड के प्रबंधक संदीप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
1.28 लाख एकड़ पर हुई है बाजरे की बिजाई
उपायुक्त ने कहा कि इस वर्ष जिला में लगभग एक लाख 28 हजार 600 एकड़ में बाजरे की बिजाई की गई है। जिला के 64 प्रतिशत किसानों ने पोर्टल पर अपनी फसल का पंजीकरण किया है। फसल की खरीद के दौरान आने वाली समस्याओं का अभी से समाधान कर लिया जाए, ताकि फसल खरीद के समय किसानों को परेशानी न हो।