बाढड़ा। बाढड़ा राजकीय महिला महाविद्यालय की एनएसएस यूनिट के तत्वावधान में आयोजित शिविर में बुधवार को ट्रैफिक पुलिस की ओर से यातायात नियमों की जानकारी दी गई। ट्रैफिक प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन कर ही सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है।
महाविद्यालय की दोनों एनएसएस इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में जांगिड़ धर्मशाला में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन की शुरुआत कार्यक्रम प्रभारी प्रोफेसर यशवंती और प्रोफेसर जितेंद्र के नेतृत्व में स्वयं सेविकाओं ने लक्ष्य गीत गाकर की। सुबह के समय ही स्वयं सेविकाओं द्वारा महाविद्यालय के खेल मैदान की सफाई की गई और पौधों में पानी दिया गया। दोपहर बाद शिविर में इंस्पेक्टर ओम प्रकाश मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे और सड़क सुरक्षा विषय पर छात्राओं को जानकारी दी।
उन्होंने शिविर में स्वयं सेविकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात के नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज समय है कि हम लोग आसपास होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए टू व्हीलर चलाते समय हेलमेट और फोर व्हीलर चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें। अगर हम जागरूक होंगे तो सड़क हादसे कम हो सकेंगे, इसलिए सभी को चाहिए कि हम सभी सड़क पर चलते समय एक दूसरे का ध्यान रखते हुए यातायात नियमों का पालन करेंगे। स्वयं सेविका राधा ने सड़क सुरक्षा से संबंधित एक कविता की प्रस्तुति दी। इसके बाद सभी स्वयं सेविकाओं ने यातायात के नियमों का पालन करने के लिए और दूसरों को भी जागरूक करने के लिए शपथ ली। शाम के समय दहेज प्रथा और बाल विवाह पर स्वयं सेविकाओं ने शानदार नाटक की प्रस्तुति भी दी। इस नाटक के माध्यम से उन्होंने समाज को संदेश दिया कि हमें दहेज न तो लेना चाहिए और न ही देना चाहिए। महाविद्यालय से आए हुए प्रो. मीना, प्रो. मनीषा, कार्यक्रम प्रभारी प्रो. जितेन्द्र, प्रो. यशवंती और सभी स्वयं सेविकाओं ने ओम प्रकाश का और उनके साथ आई हुई पूरी टीम का धन्यवाद किया।