चरखी दादरी। कादमा-ऊण रोड पर ब्रेजा ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। दोनों का रोहतक पीजीआई में उपचार चल रहा है। बाढड़ा थाना पुलिस ने घायलों के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में मध्य-प्रदेश के रीवा जिला के गांव पुरास निवासी नागेंद्र ने बताया कि वो मजदूरी करता है और ऊण में रहता है। वो अपने मौसा दुर्जन व साथी अमरजीत और संदीप के साथ बाइक पर सवार होकर कादमा से ऊण जा रहे थे। उसी दौरान एक तेज रफ्तार ब्रेजा आई और उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में नागेंद्र और उसका मौसा दुर्जन चोटिल हो गए।
उन्हें उपचार के लिए राहगीरों ने रोहतक पीजीआई पहुंचाया और वहां उनका उपचार चल रहा है। नागेंद्र ने पुलिस को दिए बयान में आरोपी चालक पर कार्रवाई की मांग की, जिसके आधार पर पुलिस ने ब्रेजा चालक पर धारा 279 व 337 के तहत केस दर्ज कर लिया है। घायल नागेंद्र ने पुलिस को ब्रेजा का रजिस्ट्रेशन नंबर भी बताया है।