छपार बहुतकनीकी संस्थानमें बनेगा लड़कों का हॉस्टल, छह करोड़ का बजट स्वीकृत
चरखी दादरी। छपार राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब सरकार घर से कॉलेज आने-जाने के झंझट से छुटकारा दिलाने जा रही है। इसके लिए यहां हॉस्टल सुविधा मुहैया करवाने की योजना को शासन ने हरी झंडी दे दी है। हॉस्टल निर्माण पर करीब छह करोड़ रुपये लागत आएगी। इसका निर्माण पीडब्ल्यूडी की मार्फत करवाया जाना है और सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद अब विभाग ने टेंडर प्रक्रिया के लिए ड्राइंग और एस्टीमेट तैयार करने के लिए काम शुरू कर दिया है। बहुतकनीकी संस्थान छपार हॉस्टल सुविधायुक्त जिले का पहला राजकीय कॉलेज भी होगा।
छपार कॉलेज में पांच ट्रेड हैं और प्रतिवर्ष करीब 300 विद्यार्थी यहां शिक्षा ग्रहण करते हैं। इस कॉलेज में दूर-दराज के क्षेत्रों के युवा भी शिक्षा ग्रहण करते हैं। उन्हें घर से कॉलेज आने-जाने में लंबी दूर तय करनी पड़ती है और इससे उनका काफी समय भी बर्बाद होता है। इस तरह की समस्याओं को देखते हुए यहां हॉस्टल सुविधा मुहैया करवाने की योजना तैयार की गई थी, जिसे अब सरकार ने मंजूरी दे दी है। योजना के अनुसार हॉस्टल में 80 विद्यार्थियों के रुकने की व्यवस्था की जाएगी और हॉस्टल भवन का निर्माण पीडब्ल्यूडी को करवाना है।
वहीं, बाढड़ा विधायक नैना चौटाला ने सरकार की मंजूरी मिलने के बाद जल्द से जल्द इस योजना को सिरे चढ़ाने के निर्देश दे दिए हैं। विधायक के निर्देशों पर पीडब्ल्यूडी ने हॉस्टल भवन निर्माण की ड्राइंग तैयार करने की प्रक्रिया पर काम शुरू कर दिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार जगह के अनुसार जल्द ही ड्राइंग तैयार करवाकर मुख्यालय भेजी जाएगी। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया को सिरे चढ़ाकर बजट मिलते ही टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। कॉलेज प्रिंसिपल के अनुसार हॉस्टल निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है और इसके निर्माण के लिए बजट राशि सीधे पीडब्ल्यूडी के पास पहुंचेगी। बजट राशि मिलने के बाद ही टेंडर प्रक्रिया की जाएगी।
- कॉलेज में हैं ये पांच ट्रेड
छपार बहुतकनीकी संस्थान में इस समय पांच ट्रेड हैं। इनमें सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, कंप्यूटर, एमएलडी (मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी) कोर्स शामिल हैं। कॉलेज प्राचार्य पंकज भल्ला के अनुसार इन पांचों ट्रेड में 300 सीटे निर्धारित हैं।
वर्जन::
छपार बहुतकनीकी कॉलेज हॉस्टल सुविधा वाला पहला राजकीय कॉलेज होगा। यहां 80 विद्यार्थियों के रुकने की व्यवस्था की जाएगी। हमारे कॉलेज में पांच ट्रेड हैं। इसके लिए बजट पीडब्ल्यूडी को मिलेगा और उन्हीं की ओर से हॉस्टल का निर्माण करवाया जाएगा। निर्माण को बाद वे भवन हमें सौंपेंगे।
पंकज भल्ला, प्राचार्य, छपार बहुतकनीकी महाविद्यालय
वर्जन::
सरकार की ओर से इसकी स्वीकृति दे दी गई है। जल्द ही हम ड्राइंग तैयार करवाकर फाइल मुख्यालय भेजेंगे। वहां से इसे स्वीकृति और बजट मिलते ही टेंडर प्रक्रिया कर हॉस्टल निर्माण का काम शुरू करवाया जाएगा।
सोमबीर दहिया, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी
वर्जन::
छपार बहुतकनीकी कॉलेज में हॉस्टल सुविधा मिलने से विद्यार्थियों को फायदा होगा। जल्द से जल्द इसके लिए मैं बजट राशि जारी करवाने का प्रयास करूंगी। शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत्त है।
नैना चौटाला, विधायक, बाढड़ा