चरखी दादरी। एक चरवाहे ने बोलेरो सवार पर एक बकरी चुराने का आरोप लगाया है। चरवाहे की ओर से इसकी शिकायत अटेला कलां चौकी में दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बिलावल निवासी राजेंद्र ने बताया कि वो भेड़-बकरी पालता है। गत 30 अप्रैल को उसका छोटा भाई भेड़-बकरियों को चराने के लिए खेतों में लेकर गया था। उसके भाई ने उसे बताया कि उसके पशुओं के बाड़े में एक बकरी कम है। जब वो बकरी को आस-पास तलाश करने निकला तो एक ग्रामीण ने उसे बताया कि तुम्हारी एक बकरी को उठाकर एक बोलेरो सवार अपने साथ ले गया है। राजेंद्र ने बताया कि वह उस बकरी को दस हजार रुपये में खरीदकर लाया था। पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।