चरखी दादरी। बाढड़ा उपमंडल के बिंद्रावन गांव निवासी पूर्व सैनिक भागमल की पुत्री कनिका बॉलीवुड अभिनेता कर्मबीर चौधरी के परिवार की बहू बनेगी। बुधवार को कनिका के घर सगाई की रस्म बेहद सामान्य ढंग से संपन्न हुई। शादी की तारीख दोनों परिवारों की ओर से जल्द तय कर दी जाएगी।
बता दें कि कर्मबीर चौधरी मूलरूप से राजस्थान के झुंझुनूं जिला के रहने वाले हैं। वो 2009 में मुंबई गए थे और फिर वहीं शिफ्ट हो गए। कर्मबीर चौधरी दंगल फिल्म में आमिर खान के पिता का किरदार निभा चुके हैं। इसके अलावा सलमान खान की सुल्तान फिल्म में उन्होंने खेल अधिकारी का किरदार निभाया था। वो भूल भूलैया-2 में अपने किरदार के जरिये अभिनय की छाप छोड़ चुके हैं।
कर्मबीर चौधरी ने बताया कि उनका बेटा अंतिक चौधरी मुंबई की एक मल्टीनेशनल कंपनी में मैनेजर है, जबकि उनकी होने वाली पुत्रवधू कनिका सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। दोनों की मुलाकात ऑफिस ट्रिप के दौरान हुई और इसके बाद दोनों परिवारों ने मिलकर शादी करने का फैसला लिया। कर्मबीर ने बताया कि उन्हें खुशी है कि वीरों के रूप में जाने जाने वाले चरखी दादरी जिले के ग्रामीण क्षेत्र से उनका परिवार का नाता जुड़ा है। कर्मबीर ने बताया कि उनके समधी एवं कनिका के पिता भागमल रिटायर्ड सैनिक है।