बाढड़ा। आजाद नगर से बाढड़ा आ रहे एक व्यक्ति की बाइक संतुलन बिगड़ने पर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान आजादपुर निवासी सोमबीर (45) के रूप में हुई है। बाढड़ा थाना पुलिस ने बुधवार दोपहर मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में पुलिस ने इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार गांव आजादपुर निवासी सोमबीर मंगलवार सायं अपनी बाइक पर सवार होकर बाढड़ा जा रहा था। जब वह पचगांव के पास पहुंचा तो अचानक तेज आंधी आने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बाइक पेड़ से टकरा गई और सोमबीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे बौंदकलां सीएचसी ले जाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद उसे दादरी सिविल अस्पताल रेफर किया गया। दादरी लाने पर चिकित्सकों ने सोमबीर को मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना पाकर बाढड़ा थाना पुलिस सिविल अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी गई। बुधवार सुबह पुलिस ने मृतक के बड़े भाई सुभाष के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल सोमबीर ने इसकी पुष्टि की।