आयुर्वेद पद्वति में सहायक योग करते।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। गांव डोहका हरिया में आयुर्वेदिक औषधालय भवन का निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने 38 लाख 13 हजार रुपये की धन राशि जारी कर दी है। जल्द ही पंचायत विभाग द्वारा कागज प्रक्रिया पूरी करने के बाद इसका निर्माण करवाया जाएगा। आयुर्वेदिक औषधालय के निर्माण से गांव डोहका हरिया सहित आसपास के 10 गांावों के लोगों को फायदा होगा। लोगों को सरल पद्धति से बीमारियों का उपचार करवाने की सुविधा मिल सकेगी। वैसे ही जिले में और कई बड़े गांवों में आयुर्वेद औषधालय खोले जाने की जरूरत है।
डोहका हरिया गांव अप्रोच मार्ग पर स्थित है। इस गांव में परिवहन की बहुत अधिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं है। जिस कारण ग्रामीणों को समय पर जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही थी और ग्रामीण प्रदेश सरकार से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग करते आ रहे थे। ग्रामीणों की इस वर्षों पुरानी मांग को प्रदेश सरकार ने औषधालय निर्माण को मंजूरी प्रदान कर पूरा कर दिया है। इसके निर्माण के लिए आवश्यक बजट भी जारी हो गया है। पंचायत विकास विभाग द्वारा इसका निर्माण करवाया जाएगा। आयुर्वेदिक औषधालय में विशेष रूप से आयुर्वेद उपचार की सुविधा लोगों को मिलेगी। ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों के इलाज की सुविधा मिल सकेगी। अप्रोच सड़क मार्गों पर गांव होने की वजह से कई बार गंभीर रोगी को समय पर प्राथमिक उपचार नहीं मिल पाता और वह अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देता है। सरकार भी आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देेती आ रही है ताकि लोग सरल तरीके से बीमारियों का उपचार करवा सकें। आयुर्वेद एवं योग के माध्यम से काफी हद तक रोगों से लड़ा जा सकता है। कोरोना महामारी में आयुर्वेद दवाओं का इस्तेमाल भी काफी कारगर साबित हुआ है। इसकी पुष्टि हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन राजदीप सिंह फौगाट ने की। चेयरमैन ने बताया कि सरकार ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। इसके लिए बजट भी जारी हो गया है। जल्द ही इस पर काम शुरू होने की उम्मीद है। ग्रामीण इस मांग को कई दिनों से उठाते आ रहे थे।