चरखी दादरी। प्रदेश के करीब 8600 निजी विद्यालयों में मुफ्त दाखिला पाने के लिए दो साल का इंतजार अब खत्म हो गया है। अब जल्द ही नियम 134 ए के तहत निजी स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। यह बात स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बृजपाल सिंह परमार व जिला अध्यक्ष भूपेंद्र कौशिक ने प्रेस को जारी संयुक्त बयान में कही।
उन्होंने बताया कि 102963 गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिले का इंतजार था और इस मामले में निदेशालय को शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद शिक्षा निदेशालय ने नियम 134ए के तहत दाखिला शेड्यूल जारी किया है, जिसके तहत 24 अक्तूबर से 7 नवंबर तक गरीब बच्चों के निजी स्कूलों में मुफ्त दाखिला के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 9 से 17 अक्तूबर तक निजी स्कूलों को नोटिस बोर्ड पर खाली सीटों की सूची लगानी होगी। 14 अक्तूबर को ब्लॉक और जिला स्तर पर खाली सीटों की सूची जारी की जाएगी। 18 से 22 अक्तूबर तक निजी स्कूलों द्वारा दर्शाई गई सीटों की वेरिफिकेशन की जाएगी। 24 अक्तूबर से 7 नवंबर तक गरीब बच्चों के ऑनलाइन दाखिला फार्म जमा कराएं जाएंगे। पात्र बच्चों की 11 नवंबर को सूची तैयार की जाएगी और 14 नवंबर को असेसमेंट टेस्ट होगा और 19 को परिणाम जारी किया जाएगा। भूपेंद्र कौशिक ने बताया कि जल्दी ही जिले और अन्य जगह बैठक होगी और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।