मतदाताओं की अपील पर सुनवाई करते एडीसी विरेंद्र लाठर।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। अतिरिक्त उपायुक्त विरेंद्र लाठर ने सोमवार को नगरपरिषद के मतदाताओं की अपील पर सुनवाई की। एडीसी ने बताया कि अपील के लिए दस अर्जी आई हुई थीं, जिनमें वोट स्थानांतरण होने वाले मतदाताओं की संख्या तीन सौ से अधिक थीं। इन पर अगले एक-दो दिन में निर्णय सुनाकर सूची नगर परिषद को भेज दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि दादरी नगरपरिषद के 21 वार्डों की संशोधित मतदाता सूची तैयार करने के लिए आम मतदाताओं से 16 जुलाई तक दावे व आपत्तियां मांगी गई थीं। एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह दावे और आपत्तियों की सुनवाई कर 25 जुलाई को अपना फैसला दे चुके हैं। एसडीएम के निर्णय पर जिन नागरिकों को आपत्ति थी, उन्होंने शुक्रवार 30 जुलाई तक दादरी एडीसी ऑफिस में अपनी अपील जमा करवाई थी।
एडीसी विरेंद्र लाठर ने सोमवार को इन अपील की सुनवाई की। उन्होंनेे बताया कि सभी अपील पर सुनवाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। सभी आवेदकों को पत्र भेजकर सुनवाई के लिए बुलाया गया था। अपील के लिए दस अर्जी आई हुई थीं, जिनमें वोट स्थानांतरण होने वाले मतदाताओं की संख्या तीन सौ से अधिक थीं। इस मौके पर जिला योजना अधिकारी दीवान सिंह श्योराण, रामनिवास, मुकेश गोयल, शंकर शर्मा, संजय इत्यादि उपस्थित रहे। दादरी नगरपरिषद की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 18 अगस्त को किया जाएगा।