बाबूलाल हत्याकांड के आरोपी रवि उर्फ भोली को कोर्ट में पेश करने ले जाते पुलिसकर्मी।
बौंदकलां। नौ दिन पहले सांजरवास में हुए बाबूलाल हत्याकांड के एक आरोपी को बौंदकलां थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सांजरवास निवासी आरोपी रवि उर्फ भोली को पुलिस ने पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है और उससे एक मोबाइल बरामद हुआ है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि सांजरवास निवासी विष्णु ने बौंदकलां थाने में एक शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि बाबूलाल उसका बड़ा भाई था और उनका खुड़ाना निवासी बुआ मुन्नी पत्नी दिनेश के साथ काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। कई बार मुन्नी उसे व उसके भाई को देख लेने की धमकी दे चुकी है। दो दिन पहले भी मुन्नी ने उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी थी।
विष्णु ने बताया कि 28 सितंबर को उसका भाई बाबूलाल फसल रखवाली के लिए खेत में बने कमरे के बाहर सो रहा था। रात के समय वो खेत में भाई के लिए रोटी लेकर गया तो देखा कि उसकी बुआ मुन्नी, जगला नंबरदार, मुन्नी के दोनों लड़के श्रवण व सचिन, परमजीत उर्फ मोनू समेत अन्य उसके भाई को लोहे की रॉड, लाठी व डंडों से पीट रहे थे। पिटाई से उसके भाई की मौत हो गई। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।
- मिसरी से हुई आरोपी की गिरफ्तारी
मामले में कार्रवाई करते हुए बौंदकलां थाना प्रभारी ओमप्रकाश की टीम ने आरोपी रवि उर्फ भोली को मिसरी गांव से गिरफ्तार किया है। फिलहाल उससे हत्याकांड को लेकर पूछताछ की जा रही है।