चरखी दादरी। नौरंगाबास जाटान में एक कुएं में 14 दिन पहले मृत मिले नौरंगाबास राजपूतान निवासी चरवाहे के मामले में झोझूकलां थाना पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। इस संबंध में मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए एसपी ऑफिस में शिकायत दी थी। इससे पहले परिजनों के बयान पर पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की थी। वीरवार को मृतक के परिजन झोझूकलां थाना प्रभारी दिलबाग सिंह से मिले और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
झोझूकलां थाना पहुंचे नौरंगाबास राजपूतान निवासी एवं मृतक के पिता राजेश ने बताया कि उसका बेटा रतिभान (22) एक ग्रामीण की भेड़-बकरियां चराता था। तीन अगस्त को वह नौरंगाबास जाटान क्षेत्र में बकरियां चरा रहा था। उसका ध्यान हटने पर बकरियां एक व्यक्ति के खेत में घुस गई। उक्त खेत मालिक ने बकरियों को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद रतिभान ने उन्हें सूचना दी तो गांव के मौजिज लोगों को लेकर वहां पहुंचे। मौजिज लोगों के कहने पर उक्त लोगों ने बकरियां छोड़ दी। राजेश ने बताया कि तीन अगस्त को हुए घटनाक्रम के बाद से उसका बेटा रतिभान गायब था। चार अगस्त को उसका शव नौरंगाबास जाटान क्षेत्र के एक कुएं से बरामद हुआ। राजेश समेत अन्य परिजनों ने बताया उन्होंने जब गंभीरता से रतिभान का शव मिलने की बात पर विचार किया तो उन्हें बकरियां कमरे में रोकने वाले लोगों को पर शक हुआ। थाना प्रभारी दिलबाग सिंह का कहना है कि पुलिस अब हत्या के दृष्टिकोण से मामले की जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसी अनुरूप कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।