साइबर अपराध सुलझाने में जिला पुलिस तत्परता से कार्य कर रही है। गत दो वर्षों की बात करें तो साइबर अपराध के 29 केस दर्ज हुए हैं जिनमें से पुलिस 10 को सुलझाने में कामयाब रही है। इन मामलों में 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिनमें से 17 दूसरे प्रदेशों के रहने वाले हैं। आरोपियों से पुलिस ने 22.46 लाख की बरामदगी भी की है। हालांकि अभी पुलिस को साइबर तंत्र को और मजबूत करने की जरूरत है।
- पुलिस की ओर से ये प्रयास भी हुए
. लोगों को साइबर अपराध से बचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना।
. साइबर अपराध के संबंध में समय-समय पर आमजन के लिए एडवाइजरी जारी करना।
. साइबर ठगी करने वाले आरोपियों का पता लगाकर उन्हें दूसरे प्रदेश से काबू करना।
किसी को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का तो किसी को दिया नौकरी का झांसा
1.- काकड़ौली हट्ठी निवासी मनजीत कुमार ने क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर 1,01,946 रुपये की ठगी होने की शिकायत दी थी। इस मामले में पुलिस ने महिला समेत पांच आरोपियों को काबू कर 35 हजार रुपये बरामद किए।
2. गांव चरखी निवासी मनीष पुत्र राजेश ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर 63,280 रुपये की ठगी करने की शिकायत साइबर थाने में दी थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को काबू कर साढ़े 26 हजार रुपये बरामद किए।
3. विद्या विहार कॉलोनी निवासी महिला नीतू के साथ क्रेडिट कार्ड के नाम पर 81,038 रुपये की धोखाधड़ी हुई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को उत्तर-प्रदेश से गिरफ्तार कर उससे तीन हजार रुपये बरामद किए।
4. हंसावास खुर्द निवासी सुदेश देवी से लोन के नाम पर 34 हजार की धोखाधड़ी हुई। पुलिस ने इस संबंध में बिहार के दरभंगा जिले के गांव दोधड़ा निवासी राघव को दिल्ली से गिरफ्तार कर ठगी की राशि बरामद की।
5. वार्ड-8 निवासी नितिन ने खाते से 20 लाख का फ्रॉड होने की शिकायत पुलिस के पास पहुंची थी। जांच में पता चला कि राशि बीसीपीएल कंपनी के खाते में डाली गई। पुलिस ने तत्काल इस राशि को होल्ड करवा दिया।
6. आदमपुर डाढी निवासी आमिर खान से साइबर अपराधी ने 86,650 रुपये खाते में डलवा लिए। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश व मध्य-प्रदेश निवासी चार आरोपियों को काबू कर उनसे 25,200 रुपये बरामद किए।
7. रुपये डबल करने का झांसा देकर छपार निवासी प्रताप सिंह से 85,499 रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। इस मामले में पुलिस ने इस एक किशोर समेत दो लोगों को काबू किया और उनसे 49 हजार रुपये बरामद किए।
8. गांव सौंप निवासी मनजीत से साइबर अपराधी ने 11,380 रुपये अपने खाते में डलवाए थे। इस मामले में पुलिस ने हिसार के गैबीपुर निवासी आरोपी गुलशन को गिरफ्तार कर उससे 9500 रुपये बरामद किए।
9. गांव हड़ौदाकलां निवासी महिला मनजीत कुमारी को झांसे में लेकर साइबर अपराधी ने 12,000 की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के अलवर निवासी वसीम को गिरफ्तार कर रकम बरामद कर ली।
10. मैहड़ा निवासी समीर कुमार से साइबर अपराधी ने 39,998 रुपये की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने राजस्थान के डीघ निवासी आरोपी साकिर को गिरफ्तार किया और उससे 21 हजार रुपये बरामद किए।
सतर्क और सावधान रहकर साइबर अपराध का शिकार होने से बचा जा सकता है। जिला पुलिस ने साइबर अपराध की कई वारदात सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे ठगी राशि बरामद की है।
-नितिका गहलोत, एसपी, चरखी दादरी