शहर के रोहतक रोड पर लगी स्ट्रीट लाइट।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। क्षेत्र में 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने एवं खराब मौसम की वजह से शहर में 120 स्ट्रीट लाइटें फ्यूज एवं खराब हो गईं। जिस कारण मुख्य बाजारों और कॉलोनियों में अंधेरा छाया है। ऐसे में रात में आपराधिक घटनाओं के बढ़ने का अंदेशा बना है। इस समय शहर में 45 सौ लाइटें लगी हुई हैं।
दो दिनों से खराब मौसम से स्ट्रीट लाइटें खराब हो रही हैं। मौसम में खराबी की वजह से रूटीन में लाइटें ठीक करने का काम भी कर्मचारी नहीं कर पा रहे। शहर में 21 वार्ड, मुख्य बाजार व सार्वजनिक स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें लगी हुईं हैं। खराब मौसम और तेज हवा चलने से मुख्य चौक पर लगी हाई मास्क लाइटें भी जवाब देने लगी हैं। कहीं लाइटों के फ्यूज उड़ गए हैं तो कहीं तारों की स्पार्किंग की वजह से इनमें फॉल्ट आ रहे हैं। काफी लाइटों में अंदर लगी ट्यूब भी जवाब दे गई हैं। बड़ी लाइटें खराब होने पर बाजारों व मेन चौक में भी अंधेरा छाया है, जिससे बाजारों में चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओं का अंदेशा बना है।
चोरी की घटनाओं का बना अंदेशा : प्रधान
पूर्ण मार्केट के प्रधान संदीप फौगाट का कहना है कि शहर की कॉलोनियों व बाजारों में काफी लाइटें खराब पड़ी हैं जिससे रात के समय चोरी की घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सर्दी में वैसे ही आपराधिक घटनाएं ज्यादा होती हैं। चोर अंधेरे का फायदा उठा सकते हैं।
खराब मौसम से कुछ लाइटों में समस्या आई है। दो दिनों में 120 लाइटें खराब हुई हैं। ठीक करवाने के लिए कर्मचारी तैनात कर रखे हैं। दो दिनों में सभी खराब लाइटें ठीक हो जाएंगी। - बिजेंद्र सिंह, स्ट्रीट लाइट इंस्पेक्टर नगर परिषद