चरखी दादरी। स्वास्थ्य विभाग जिले में कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के करीब है। अब तक जिले के 40 गांवों में शत प्रतिशत वैक्सीनेशन हो चुका है। सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने बताया कि बलकरा पीएचसी के अधीन आने वाले दस गांवों में 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन दी जा चुकी है।
जिले में मार्च में कोरोनारोधी वैक्सीन लगाने का कार्य शुरू हुआ था। शुरुआत से लेकर अब तक जिला ने इस कार्य में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के अन्य जिलों के लिए मिसाल पेश की है। जिला में लगभग 81 प्रतिशत लोगों को पहली डोज लगा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अक्तूबर तक जिले के सभी पात्र लोगों को वैक्सीन लगाने का काम पूरा करने का प्रयास है। । पीएचसी मानकावास के भैरवी व भीड भैरवी, पीएचसी इमलोटा के सांतोर व सरूपगढ़, पीएचसी सांवड के लांबा व जयश्री, पीएचसी माई कलां केबिजणा और पीएचसी हड़ोदी के चैनपुरा गांव में भी 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को वैक्सीन लगा दी गई है।
इन गांव में हो चुका शत प्रतिशत वैक्सीनेशन
पीएचसी बलकरा के कलियाणा, मोड़ी, बलकरा, रामनगर, कपूरी, घसोला, मंदौली, खेड़ी सनवाल, ढाणी फौगाट व टिकान कलां गांव के 100 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन लगा दी गई है। इसी प्रकारजिला की बाढड़ा पीएचसी के गोविंदपुरा, खोरडा, ढाणी खोरडा, किशनपुरा, आर्यनगर, मांढी पिरानु, किष्कंधा व ढाणी सूरजगढ़ के सभी ग्रामीण कवर किए जा चुके हैं। पीएचसी छपार के बरसाना, डोहकी, रासीवास, अटेला, पीएचसी रानीला केभागेश्वरी और सीएचसी झोझू के गुडाना अहिर, असावरी, गुडाना जाट, बिरही खुर्द के लोगों का भी शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन हो चुका है। सीएचसी गोपी के पंचगांव, भारीवास और पीएचसी कादमा के गोकल, निमड़ बडेसरा के सभी पात्र लोगों को वैक्सीन लग चुकी है
रविवार को जिले में 2725 लोग किए कवर
जिला वैक्सीनेशन इंचार्ज डॉक्टर आशिष मान ने बताया कि रविवार को जिले में छह स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीनेशन करते हुए 2725 लोगों को कवर किया गया। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक उम्र के 200 लोगों को को-वैक्सीन और 1569 लोगों को कोविशील्ड की डोज दी गई। 45 वर्ष से अधिक उम्र के 906 लोगों को कोविशील्ड और 50 लोगों को को-वैक्सीन की डोज दी गई।
रविवार को इस केंद्र पर कितने लोगों ने लगवाई वैक्सीन
स्वास्थ्य केंद्र वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या
सिविल अस्पताल 795
झोझूकलां सीएचसी 372
बलकरा पीएचसी 163
संतोकपुरा पीएचसी 215
मानकावास पीएचसी 554
माई कलां पीएचसी 626