चरखी दादरी। जिले में डेंगू पीड़ितों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। छोटी दिवाली पर जिले में 10 लोग डेंगू के शिकार बने। अब डेंगू मरीजों का आंकड़ा 240 पहुंच गया है। पिछले दो दिन में डेंगू के 16 मामले सामने आए हैं। तीन नवंबर तक डेंगू जांच के लिए 631 सैंपल लिए गए हैं। इस लिहाज से प्रत्येक पांच सैंपल में से दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
डेंगू नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. गौरव भारद्वाज ने बताया कि मंगलवार को जिले में छह लोग डेंगू पीड़ित मिले थे, जबकि दस की रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई है। इस साल अब तक जिले में 240 डेंगू के मरीज मिले चुके हैं। दूसरी ओर अगर पिछले साल के आंकड़े की बात करें तो तीन नवंबर तक महज 99 लोग डेंगू पॉजिटिव मिले थे। इस साल पिछले साल के मुकाबले करीब डेढ़ गुना अधिक मरीज मिल चुके हैं। तीन नवंबर तक जिले से डेंगू जांच के लिए 631 सैंपल लिए गए हैं। इस लिहाज से प्रत्येक पांच सैंपल में से दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।