ऑपरेशन ट्रैक डाउन: 16 दिन में पुलिस ने 191 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा
ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत अंबाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की टीमों ने पिछले 16 दिन में ईरानी गिरोह सहित हत्या, लूट, डकैती व हत्या के प्रयास मामलों में फरार चल रहे कुल 191 अपराधियों को काबू कर सलाखों के पीछे भेजा है। इनमें 92 लूट, डकैती, हत्या व अन्य जघन्य अपराधों में वांछित थे तो 2 आदतन अपराधियों की नियमानुसार पैरवी करके कोर्ट में जमानत रद्द करवाई गई। इसके अलावा अंबाला में कुल 14 आदतन अपराधियों की हिस्ट्री सीट खोली गई। साथ ही 2 आरोपियों की संपत्ति कुर्क करवाने के लिए पहचान की गई। यह जानकारी उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विजय कुमार द्वारा शुक्रवार को अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान दी गई। बताया कि डीजीपी ओपी सिंह के निर्देशानुसार अंबाला मंडल के पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन, अंबाला पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। जो आगे भी इसी तरह से जारी रहेगा।