ढांड रोड स्थित इंडस स्कूल के डायरेक्टर रवि दलाल सहित उसके परिवार के चार अन्य सदस्यों के खिलाफ पुलिस ने डायरेक्टर की पत्नी की हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया है। 20 सितंबर को डायरेक्टर की पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। 20 सितंबर को इंडस स्कूल के डायरेक्टर रविद दलाल की पत्नी शालू की संदिग्ध परिस्थितियों में हुडा सेक्टर-20 स्थित घर में मौत हुई थी।
इसके बाद उसका संस्कार कर दिया गया था। एसपी को दी शिकायत में जींद सफीदों रोड निवासी राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उसके दामाद रवि दलाल ने चार अन्य लोगाें के साथ मिलकर 20 सितंबर को कैथल हुड्डा सेक्टर-20 स्थित मकान में उसकी बेटी शालू की हत्या कर दी और आरोपियों ने हत्या को छिपाने के लिए वारदात के बाद सभी साक्ष्य भी नष्ट कर दिए। इन सभी ने बिना पोस्टमार्टम करवाए ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। एसपी ने थाना सिविल लाइन पुलिस को उचित जांच के आदेश जारी किए।
जिस पर पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के अनुसार मामला दर्ज कर लिया है। थाना सिविल लाइन प्रभारी विष्णु प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर विवाहिता के पति रवि दलाल, ससुर धर्म सिंह, सास रानी सहित दो अन्य रचना तथा रचना के पति सुभाष के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जांच में जो भी सच्चाई सामने आएगी उसी के अनुसार कार्रवाई होगी।