पिछले दो बार के एग्जिट पोल देखे तो एक बार एग्जिट पोल सटीक बैठा तो दूसरी बार काफी उलटफेर देखने को मिला है। जून महीने में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में भी एग्जिट पोल चुनाव परिणाम के बिल्कुल उलट साबित हुए थे। इसलिए लोग एग्जिट पोल पर ज्यादा विश्वास नहीं कर रहे हैं। एक नजर डालते हैं पिछले दो एग्जिट पोल के आंकड़े और चुनाव परिणाम पर।
2014 में 15 अक्तूबर को मतदान हुआ था। चार दिन बाद परिणाम घोषित कर दिए गए थे। उस दौरान 76.54 फीसदी रिकॉर्ड मतदान हुआ था। अधिकांश एग्जिट पोल में भाजपा की स्पष्ट जीत की भविष्यवाणी की थी। इंडिया टीवी – सीवोटर, एबीपी न्यूज – नीलसन, टाइम्स नाउ और न्यूज 24 -चाणक्य ने भाजपा के लिए 37 से 52 सीटों का अनुमान जताया था। उस दौरान भाजपा ने 47 सीटों पर जीत हासिल की थी।
2019 के एग्जिट पोल उलटे साबित हुए थे। उस दौरान अधिकांश एग्जिट पोल ने राज्य में भाजपा की सुनामी बताई थी। न्यूज 18 ने भाजपा को 75 सीट, न्यूज एक्स ने 75-80, रिपब्लिक टीवी ने 52-63, टाइम्स नाऊ ने 71 सीट देने का अनुमान जताया था। मगर जब परिणाम आए तो सारे एग्जिट पोल धराशायी हो गए। भाजपा बहुमत तक हासिल नहीं कर पाई। 47 सीट से 40 में आकर सिमट गई। हालांकि भाजपा ने गठबंधन में सरकार बनाई।