पंचकूला: संत निरंकारी मिशन के शिविर में 59 ने किया रक्तदान
संत निरंकारी सत्संग भवन पंचकूला में संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन (संत निरंकारी मिशन का सामाजिक विभाग) द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें संत निरंकारी मिशन के 59 श्रद्धालु और सेवादारों ने रक्तदान किया। पंचकूला सेक्टर- 6 स्थित नागरिक अस्पताल की ब्लड बैंक की टीम ने डॉ. सरोज अग्रवाल के नेतृत्व में 59 यूनिट रक्त एकत्रित किया।
शिविर का उद्घाटन पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल ने किया। उन्होंने रक्तदान शिविर में सम्मिलित होने वाले रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया एवं जनकल्याण के लिए की गई उनकी सच्ची सेवा की प्रशंसा भी की। अतिरिक्त जोनल इंचार्ज, चंडीगढ़ केके कश्यप, चंडीगढ़ के क्षेत्रीय संचालक करनैल सिंह, पंचकूला के क्षेत्रीय संचालक राजेश गौड़, संचालक रविंदर सिंह भुल्लर द्वारा शिविर में उपस्थित सभी प्रतिष्ठित अतिथियों सहित डॉक्टर और उनकी टीम का आभार जताया। पंचकूला इंचार्ज कुसुम सोनी ने बताया कि मिशन द्वारा प्रथम रक्तदान शिविर का आयोजन दिल्ली में वर्ष 1986 के नवंबर माह में वार्षिक निरंकारी संत समागम के अवसर पर किया गया।
विश्व रक्तदाता दिवस पर 50 युवाओं ने किया रक्तदान
विश्व रक्तदाता दिवस पर विश्वास फाउंडेशन ने मार्केट सेक्टर - 11 पंचकूला अनुपम स्वीट्स के सामने रक्तदान शिविर लगाया। शिविर में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा पंचकूला और अमर उजाला फाउंडेशन ने एहम भूमिका निभाई। शिविर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चला। विश्वास फाउंडेशन की महासचिव साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि ब्लड बैंक पंचकूला वेलफेयर ट्रस्ट की टीम ने डॉक्टर श्रुति सिंगला की देखरेख में 50 यूनिट्स रक्त एकत्रित किया।
रक्त लेने से पहले डॉक्टरों की टीम ने रक्तदाताओं का चेकअप किया, डॉक्टरों ने बताया कि रक्तदान करने से किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होती है। बल्कि रक्तदान करने से व्यक्ति को गर्व महसूस होता है। उन्होंने बताया कि पहले रक्तदान जब जरूरत होती थी तब किया जाता था। अब तो कई लोग ऐसे भी हैं, जो जन्मदिन और शादी की सालगिरह पर भी रक्तदान करते हैं। इस अवसर पर विश्वास फाउंडेशन से साध्वी शक्ति विश्वास, साध्वी प्रीति विश्वास, श्याम सुंदर साहनी, सविता साहनी, मुलखराज मनोचा, विशाल कुंवर, शत्रुघ्न कुमार व अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।
अलकेमिस्ट में लोगों ने 70 यूनिट किया रक्तदान
पंचकूला के अलकेमिस्ट अस्पताल में आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप में 70 यूनिट ब्लड एकत्रित किया गया। कैंप के दौरान अस्पताल के कर्मचारियों और डॉक्टरों ने रक्तदान किया। ब्लड बैंक के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. जीपी सलूजा ने कहा कि कैंप का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद रोगियों के लिए ब्लड की गुणवत्ता, सुरक्षा और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रक्तदान की आवश्यकता के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि ब्लड ट्रांसफ्यूजन और ब्लड कंपोनेंट्स से हर साल लाखों लोगों की जान बचाने में मदद मिलती है।
जीरकपुर में संस्थाओं के शिविर में 77 युवाओं ने किया रक्तदान
जीरकपुर में विश्वास फाउंडेशन ने मंगलवार को मेट्रो स्टोर के बाहर अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर रक्तदान शिविर लगाया। इसमें इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा मोहाली ने अहम भूमिका निभाई। शिविर सुबह 10 बजे शुरू हुआ और सायं 4 बजे तक चला। विश्वास फाउंडेशन की महासचिव साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि ब्लड बैंक एम केयर ब्लड सेंटर जीरकपुर की टीम ने डॉक्टर कार्तिक अग्रवाल की देखरेख में 77 यूनिट्स रक्त एकत्रित किया।
रक्त लेने से पहले डॉक्टरों की टीम ने रक्तदाताओं का चेकअप किया, डॉक्टरों ने बताया कि रक्तदान करने से किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होती है। बल्कि रक्तदान करने से व्यक्ति को गर्व महसूस होता है। उन्होंने बताया कि पहले रक्तदान जब जरूरत होती थी तब किया जाता था। अब तो कई लोग ऐसे भी हैं, जो जन्मदिन और शादी की सालगिरह पर भी रक्तदान करते हैं। शिविर की समाप्ति पर सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र, मेडल्स ओर गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया।
चंडीगढ़ के 3 शिविरों में 345 ने किया महादान
अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से चंडीगढ़ में तीन शिविर लगाए गए। इसमें 345 लोगों ने रक्तदान किया। सुबह 9.30 से शाम 5 बजे तक चले शिविर में युवाओं ने लोगों की जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान किया। रक्तदाताओं की सहूलियत व सुरक्षा के लिए शिविर में भीषण गर्मी से बचाव के साथ कोरोना वायरस के बचाव के मानकों की व्यवस्था रही। इस दौरान सेक्टर-17 स्थित ब्रिज मार्केट में लगाए गए महा रक्तदान शिविर में सबसे ज्यादा 200 लोगों ने रक्तदान किया।
पीजीआई में थैलेसीमिक चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित शिविर में 85 युवाओं ने रक्तदान किया जबकि सेक्टर 15 के पटेल मार्केट में विश्वास फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित शिविर में 60 युवा रक्तदान कर महादानी बने। सेक्टर 17 के शिविर में बतौर मुख्य अतिथि चंडीगढ़ की मेयर सरबजीत कौर ने उपस्थित होकर रक्तदाताओं का उत्साह वर्धन किया।
इस दौरान केक काटकर विश्व रक्तदाता दिवस मनाया गया। वहीं वर्षों से लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने की सफलता की खुशी को गुब्बारा उड़ाकर प्रदर्शित किया गया। शिविर में पीजीआई रोटो की टीम ने अंगदान के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस दौरान 25 लोगों को अंगदान का संकल्प भी दिलाया।
इस कार्यक्रम में सेंचुरियन ब्लड डोनर भी मौजूद थे। इनमें प्रयागराज शर्मा, रणदीप बत्ता, राजन रेखी, अजय गुप्ता, भूपिंदर सिंह और अश्विनी कुमार मुंजाल ने युवाओं को रक्तदान से जुड़ी अपनी यात्रा के बारे में बताया और इस अभियान को सफल करने का संदेश दिया। अश्विनी कुमार मुंजाल ने शिविर में 152 वीं बार रक्तदान किया।
इस शिविर में मुख्य रूप से श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी, शिव शक्ति सेवा मंडल, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा, पंजाब व यूटी ब्रांच और एचडीएफसी बैंक का सहयोग रहा। श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान राकेश कुमार संगर ने बताया कि रक्तदाताओं के उत्साह को देखते हुए बुधवार को भी सेक्टर 17 के ब्रिज मार्केट में ही शिविर लगाया जाएगा।
उन्होंने युवाओं से अपील की है कि जो भी युवा विश्व रक्तदाता दिवस पर खून देने से वंचित रह गए हैं वे 15 जून को शिविर में आकर रक्तदान कर महादानी बनें। वही पंचकूला में रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से अग्रवाल भवन में सेंचुरियन ब्लड डोनर के सम्मान समारोह के साथ ही रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया है। शिविर को सफल बनाने में मुख्य रूप से अवतार सिंह, संजीव चड्ढा, हरीश गुप्ता, बीएम शर्मा, इकबाल नाथ सेट्ठी, लक्ष्मण रावत, राजीव शर्मा, राजकुमार, मोहिंदर कौर, दीपक शर्मा, राजकुमारी और रमेश नारंग का सहयोग सराहनीय रहा।
पीजीआई निदेशक की पत्नी समेत 85 ने किया रक्तदान
थैलेसीमिक चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से पीजीआई में आयोजित रक्तदान शिविर में पीजीआई निदेशक डॉ. विवेक लाल की पत्नी डॉ. साधना लाल समेत 85 लोगों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर विश्व रक्तदाता दिवस मनाते हुए निदेशक के साथ मिलकर केक काटा गया और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया गया।
शिविर में कांगड़ा हिमाचल प्रदेश, गुरु का लंगर सेवा सोसायटी जलालाबाद, पंजाब व ट्राइसिटी के अलग-अलग हिस्सों से आए युवाओं ने खून दिया। शिविर का उद्घाटन करते हुए प्रो. विवेक लाल ने रक्त दाताओं को धन्यवाद दिया और कहा कि उनके अमूल्य योगदान से जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में काफी सहयोग मिल रहा है। वहीं ट्रस्ट के सदस्य सचिव राजिंदर कालरा ने शिविर की सफलता पर पीजीआई ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों व कर्मचारियों को धन्यवाद दिया और पीजीआई निदेशक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह ट्रस्ट का 252वां शिविर था।
सेक्टर 15 पटेल मार्केट में 60 बने महादानी
विश्वास फाउंडेशन की ओर से सेक्टर-15 स्थित पटेल मार्केट में लगाए गए रक्तदान शिविर में 60 युवाओं ने रक्तदान किया। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला। इसमें इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी चंडीगढ़ ब्रांच ने सहयोग किया। विश्वास फाउंडेशन की महासचिव साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि शिविर में पारस अस्पताल के ब्लड बैंक के डॉ. पुनीत सचदेवा की टीम की देखरेख में रक्तदान की प्रक्रिया संपन्न हुई है। इसके साथ शिविर में जगदंबा मेडिकोज के गिरीश ललित का योगदान सराहनीय रहा। चंडीगढ़ प्रशासन से रंजन गुप्ता व कर्नल राजेश ने रक्तदान कर युवाओं का उत्साह बढ़ाया। शिविर में मुख्य रूप से रमेश सुमन, विकास कालिया, मोनिका बाली, मधु खन्ना, शिशुपाल पठानिया, शाश्वत विश्वास, श्याम सुंदर साहनी, शत्रुघ्न कुमार, नीरज यादव और विशाल कुमार ने सहयोग किया।
मोहाली के फेज-11 में 74 युवाओं ने महादान किया
मोहाली में विश्वास फाउंडेशन, पालिका मिनी मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन फेज 11 और इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा मोहाली ने संयुक्त रूप से मिलकर सोमवार को मार्केट फेज-11 में पेट्रोल पंप के सामने रक्तदान शिविर का आयोजन किया। साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि इस शिविर का उद्घाटन रेड क्रॉस सोसायटी के जिला सचिव कमलेश कौशल ने किया।
इस दौरान 74 युवाओं ने रक्तदान किया। जीरकपुर के एक निजी अस्पताल की टीम खून एकत्रित करने पहुंची थी। मुख्य मेहमान ने बताया कि लोगों में यह भ्रम है कि रक्तदान करने से शरीर में कमजोरी आती है। रक्तदान के कारण कोई कमजोरी नहीं आती, बल्कि सभी को 90 दिन में एक बार अवश्य ही रक्तदान करना चाहिए। इससे जरूरतमंदों को मदद मिलती है साथ ही शरीर स्वस्थ रहता है।
रक्तदान जैसा पुनीत काम सबसे बड़ी सेवा में आता है। रक्त ही एकमात्र ऐसा पदार्थ है जिसका निर्माण किसी फैक्ट्री में नहीं किया जा सकता। केवल स्वयं अपनी मर्जी से रक्तदाताओं की ओर से रक्तदान करने से ही रक्त की कमी पूरी की जा सकती है। शिविर में रक्तदान करने आए सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र और गिफ्ट देकर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर विश्वास फाउंडेशन से शिशुपाल पठानिया, संतोष पठानिया, विकास कुमार, अनिरुद्ध पठानिया, कृष्ण लाल कोमल, सुदेश कुमारी रेड क्रॉस का स्टाफ और गण्यमान्य मौजूद रहे।