टकराव और गुटबाजी बढ़ने की संभावना
हार के बाद अब हरियाणा कांग्रेस में टकराव और गुटबाजी बढ़ने के आसार बन रहे हैं। हुड्डा समर्थक जहां अन्य गुट के सदस्य पर वोट रद्द कराने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं, अन्य गुट हुड्डा को हार के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। हुड्डा खेमे की ओर से दावा किया जा रहा है कि जो विधायक रायपुर गए थे, उन्होंने पार्टी के साथ गद्दारी नहीं की है। कुलदीप बिश्नोई ने क्रास वोटिंग की थी, जबकि किरण चौधरी पहले ही दावा कर चुकी हैं कि उनका वोट रद्द नहीं हुआ। ऐसे में पार्टी से गद्दारी करने वाले विधायक के नाम को लेकर भी टकराव के हालात बन रहे हैं।
दीपेंद्र सिंह हुड्डा का ट्वीट: रायपुर गए सभी 29 ने दिया वोट
इधर, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने दावा किया है कि रायपुर गए सभी 29 विधायकों ने वफादारी से मतदान किया है। अपने ट्वीट में लिखा है कि, हमारे 29 विधायक जिन्होंने सत्ता बल, धन बल व षड्यंत्रों के आगे सिर नहीं झुकाया। उनकी ईमानदारी, मतदाता के प्रति वफादारी और बलिदान को हरियाणा के लोग सदा सदा याद रखेंगे। जब धन और सत्ता के तूफान के आगे बड़े बड़े धराशायी हो गए, तब भी इन्होंने ईमानदारी की लौ बुझने नहीं दी। अंतत: जीत इन्हीं की होगी।