एनएच-73 पर जगाधरी में साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में एक कार एफसीआई गोदाम के पास से निकल रहे नाले में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीनाें लोग बाल-बाल बच गए।
आसपास के लोगाें की मदद से कार से तीनों लोगों को बाहर निकाला गया और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन मंगवाई और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद नाले में फंसी कार को बाहर निकाला गया।
हाईवे पर आने-जाने वाले चालक भी रुक-रुककर नाले में गिरी कार को देखने लगे, जिस कारण हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। बता दें कि इससे पूर्व इस नाले में कई वाहन चालक वाहन समेत गिर चुके हैं, इसके बावजूद प्रशासन की ओर से नाले की बाउंड्रीवाल नहीं बनवाई गई।
जानकारी के अनुसार हुडा सेक्टर-17 निवासी बालकिशन अपनी पत्नी व बेटी के साथ मंगलवार सुबह किसी काम से कार पर सवार होकर घर से जगाधरी के बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह जगाधरी के एफसीआई गोदाम के नजदीक पहुंचे, तो अचानक सामने से सड़क क्रॉस करते साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार में सेफ्टी बैलून खुल जाने से कार सवार तीन लोगों बाल-बाल बच गए।
आसपास के लोगों ने कार में सवार तीनों को बाहर निकाला और इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेेन की मदद से कार को नाले से निकाला।
सेफ्टी बैलून ने बचाई जान
बालकिशन के मुताबिक उसने कार को तीन दिन पहले ही खरीदा था, जिसमें सेफ्टी बैलून की भी सुविधा थी। इसकी बदौलत ही बड़ा हादसा होने से टल गया, जैसे ही उनकी कार नाले में गिरी, ठीक उसी के कुछ सेकेंड में सेफ्टी बैलून खुल गए, जिससे उन्हें गंभीर चोट नहीं आई।