बस स्टैंड स्थित जिंदल गेस्ट हाउस जहां ठहरा हुआ था युवक। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। बस स्टैंड के समीप स्थित गेस्ट हाउस में एक युवक का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। गेस्ट हाउस के मालिक ने मामले की जानकारी औद्योगिक पुलिस थाने में दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव फंदे से नीचे उतारा और उसे लेकर नागरिक अस्पताल पहुंची। वहीं मृतक के परिजनों को इस संबंध में जानकारी दी गई।
नया बस स्टैंड के समीप जिंदल गेस्ट हाउस में वीरवार देर शाम को गांव दुर्जनपुर निवासी 19 वर्षीय सोमेश ठहरा हुआ था। शुक्रवार सुबह गेस्ट हाउस का सफाई कर्मचारी जब कमरे की सफाई के लिए पहुंचा तो अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। इसकी जानकारी गेस्ट हाउस के मालिक को दी गई। गेस्ट हाउस के मालिक ने कमरे की खिड़की से अंदर झांककर देखा तो युवक कमरे में पंखे के हुक पर रस्सी से फंदा लगाकर लटका हुआ था। गेस्ट हाउस के मालिक ने बताया कि उसके गेस्ट हाउस में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। देर रात को युवक अकेला ही गेस्ट हाउस में ठहरने के लिए आया था। जिस रस्सी से उसने फंदा लगाया वह भी अपने साथ ही लाया था। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 19 वर्षीय सोमेश हांसी में 12वीं की पढ़ाई करता था। फिलहाल सोमेश भिवानी में किस कार्य के लिए यहां आया और क्यों गेस्ट हाउस ठहरा हुआ था। इस संबंध में कुछ नहीं पता चला है। मृतक के पिता धर्मबीर ने बताया कि उसका इकलौता बेटा था। सोमेश की एक बहन है। परिवार भी उसके इस कदम से गहरे सदमे में हैं। औद्योगिक पुलिस थाने के जांच अधिकारी एएसआई सतपाल ने बताया कि मृतक के पिता धर्मबीर का बयान दर्ज कर इस संबंध में पुलिस ने इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। वहीं युवक के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।