भिवानी। गांव बापोड़ा में बुधवार को एक युवक ने घर के अंदर ही फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों को इसकी जानकारी लगी तो सदर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक का शव फंदे से नीचे उतारा और उसे लेकर नागरिक अस्पताल पहुुंचे।
गांव बापोड़ा निवासी शीशराम ने सदर पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके तीन लड़के हैं। उसका सबसे छोटा लड़का 26 वर्षीय योगेश घर पर ही रहता था और अविवाहित था। कुछ दिनों से उसका बेटा मानसिक रूप से परेशान था। इसी वजह से उसने बुधवार को घर के अंदर कमरे में फंदा लगा लिया। जब वे वहां पहुंचे तो योगेश फंदे पर झूल रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही सदर पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंचे और युवक के शव को फंदे से नीचे उतार उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस ने मृतक योगेश के पिता शीशराम का बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।