बापोड़ा के पास हुए सड़क हादसे में हुई बुजुर्ग महिला की मौत मामले में कार्रवाई करती पुलिस। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। तोशाम-भिवानी मार्ग पर गांव बापोड़ा के पास दो कारों की आमने-सामने हुई टक्कर में 72 वर्षीय महिला की मौत हो गई। एक कार के चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। इस हादसे के दौरान दूसरी कार में सवार लोग मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मृतक महिला के बेटे की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला बुधवार देर रात का है।
पुलिस को दिए बयान में गांव डोहकी निवासी संजय कुमार ने बताया कि उसकी मां फूलपति और उनका रिश्तेदार शुभम हिसार से वैगनआर गाड़ी में सवार होकर गांव लौट रहे थे। रास्ते में बापोड़ा रोड पर सामने से तेज गति से आ रही ब्रेजा गाड़ी ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। इस घटना में वैगनार गाड़ी में सवार बुजुर्ग महिला फूलपति व गाड़ी चालक शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए। ब्रेजा गाड़ी चालक गाड़ी छोड़कर वहां से फरार हो गया। राहगीरों व क्षेत्रवासियों ने उन्हें भिवानी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान बुजुर्ग महिला फूलपति ने दम तोड़ दिया। वहीं शुभम की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ियों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे। पुलिस के जांच अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक बुजुर्ग महिला के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने ब्रेजा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।