भिवानी। एक महिला ने अपने घर पर भेजे जाने वाले गैस सिलिंडरों में पिछले काफी अर्से से गैस के वजन को लेकर गड़बड़ी महसूस हुई तो उसने इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों को कर दी। इसके बाद शुक्रवार को एक टीम ने रोहतक गेट क्षेत्र स्थित एजेंसी पर पहुंचे। वहां मौजूद गैस सिलिंडरों की जांच की। जांच के दौरान दो गैस सिलिंडरों में तीन-तीन किलोग्राम गैस कम पाई। जिसकी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी गई। इसके बाद एजेंसी का चालान किया जाएगा।
शिकायतकर्ता महिला मधु ने बताया कि उसके घर पर गैस सिलिंडर आता था जो पूरे दो माह चलता था, लेकिन पिछले कुछ अर्से से उसके घर आने वाला गैस सिलिंडर एक माह भी नहीं चला। जिसकी उसने मौखिक रूप से शिकायत एजेंसी में पहुंचकर भी की थी। मगर एजेंसी में मौजूद कर्मचारियों ने उलटा महिला को ही ज्यादा गैस इस्तेमाल करने पर जल्दी सिलिंडर खत्म होने की नसीहत दे डाली। इसके बाद परेशान महिला को गैस सिलिंडरों में वजन की गड़बड़ी की आशंका हुई तो उसने मामले की शिकायत संबंधित विभागीय अधिकारियों को कर दी। जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने एजेंसी में शिकायतकर्ता महिला के सामने ही वहां रखे गैस सिलिंडरों के वजन की जांच एजेंसी कर्मचारियों से कराई।
इसमें दो सिलिंडरों की सील टूटी मिली और उनके अंदर तीन-तीन किलो गैस भी कम पाई गई। जबकि चार सिलिंडरों की सील ठीक थी जिनका वजन भी सही था। इस पर टीम ने अपनी रिपोर्ट तैयार की और उसे उच्चाधिकारियों के समक्ष भेज दिया। टीम सदस्य ने बताया कि जांच के दौरान गैस सिलिंडरों के वजन में गड़बड़ी मिली है जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है, जिस पर एजेंसी संचालक का चालान किया जाएगा।