भिवानी। लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत अधिक से अधिक बढ़ाने को लेकर जिला प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है। इसके लिए स्वीप की विशेष योजना तैयार की जा रही है। योजनानुसार शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने घर-घर से कचरा उठान करने वाले ऑटो टिप्पर पर प्रेरक गीत चलवाए हैं, जो नागरिकों को अपने मत का प्रयोग करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
प्रेरक गीतों के माध्यम से लोगों को उनके वोट की कीमत बताई जा रही है। ऑटो टिप्पर पर चल रहे घणे दिन दिल सो लियो रे, अब तो जाग वोटर जाग... नागरिकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव में प्रशासन द्वारा जिले में 75 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा है। इसके लिए प्रशासन द्वारा पूरी कार्ययोजना तैयार की है। डीसी नरेश नरवाल ने स्वीप अभियान के लिए एडीसी हर्षित कुमार को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। स्वीप के तहत शिक्षण संस्थाओं के अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्रामीण व शहरी अंचल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ-साथ विगत लोकसभा चुनाव-2109 में सामान्य से कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों पर जागरूकता अभियान का विशेष जोर रहेगा। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी नरवाल द्वारा स्वीप से संबंधित जिलाभर के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए जा चुके हैं।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर जिला में स्वीप के तहत गतिविधियां जोरशोर से शुरू भी हो गई हैं। शिक्षण संस्थाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों व ग्राम पंचायतों में लोगों को अपने मत का प्रयोग करने बारे जागरूक करना शुरू भी कर दिया है। इसी बीच स्वीप के नोडल अधिकारी एवं एडीसी हर्षित कुमार के निर्देश पर नगर परिषद भिवानी ने भी मतदाता जागरुकता अभियान पुरजोर से चला दिया गया है। इसके लिया नगर परिषद ने घर-घर से कचरा कलेक्शन करने वाले ऑटो टिप्परों के माध्यम से लोगों को अपने मत का प्रयोग करने के लिए संदेश देना शुरू कर दिया है। नागरिकों को स्वच्छता के साथ-साथ लोकसभा चुनाव में अपने मत का प्रयोग करने की अपील की जा रही है।