भिवानी में खिलाड़ियों के साथ कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी व कुलसचिव डॉ. ऋतु सिंह व अन्य।
भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय की दो हैंडबाल खिलाड़ियों का चयन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी हैंडबाल चैंपियनशिप में हुआ है। विश्वविद्यालय की हैंडबाल खिलाड़ी इशू शर्मा और रेणुका चैंपियनशिप के लिए स्पेन जाएंगी।
यह जानकारी विश्वविद्यालय के डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सुरेश मलिक ने दी है। दरअसल, सीबीएलयू विश्वविद्यालय की ओर से नॉर्थ जोन ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी हैंडबाल चैंपियनशिप का आयोजन 18 जनवरी से 21 जनवरी तक भिवानी के आदर्श महिला महाविद्यालय में किया गया था। इसमें सीबीएलयू की महिला हैंडबाल टीम प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनीं थी। इसके उपरांत 12 अप्रैल से 16 अप्रैल तक जेआरएन विद्यापीठ उदयपुर में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी हैंडबाल चैंपियनशिप में भी सीबीएलयू टीम ने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय अमृतसर को 13 गोल से हराकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था।
इससे सीबीएलयू महिला हैंडबाल टीम की खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के कारण टीम की दो महिला खिलाड़ी इशू और रेणुका का चयन 26 से 30 जून तक स्पेन में आयोजित होने वाली वर्ल्ड यूनिवर्सिटी हैंडबाल चैंपियनशिप में खेलने के लिए हुआ है। विश्वविद्यालय कुलपति प्रो दीप्ति धर्माणी, कुलसचिव डॉ. ऋतु सिंह, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सुरेश मलिक सहित समस्त विश्वविद्यालय ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।
खिलाड़ी इशू विश्वविद्यालय से संबंधित काॅलेज राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय भिवानी और रेणुका राजकीय महिला महाविद्यालय बवानीखेड़ा की छात्रा हैं। इस अवसर पर डॉ. लक्खा सिंह, डॉ. अनुराग, डॉ. गीता, डॉ. मंजीत और हैंडबाल कोच मंजीत उपस्थित रहे।