भिवानी। एक ही नंबर प्लेट लगाकर सड़क पर दौड़ रहे दो ओवरलोड वाहनों को सहायक आरटीए सचिव की टीम ने जब्त किए हैं। दोनों वाहनों का रजिस्ट्रेशन नंबर भी एक ही था। टीम ने चेकिंग के दौरान कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को चलाने के मामले की शिकायत भी सिटी पुलिस को दी। जिस पर धोखाधड़ी के तहत केस दर्ज हुआ है।
सचिव प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सहायक आरटीए सत्यनारायण ने सिटी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 22 नवंबर को उनकी टीम अवैध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। टीम में कांस्टेबल राजेश कुमार, अमित कुमार, विक्रम कंप्यूटर ऑपरेटर व चालक आनंद शामिल थे। चेकिंग के दौरान दो ओवरलोड वाहन तोशाम रोड पर पकड़े। जिनकी जांच के दौरान पाया कि दोनों ही वाहनों पर एक ही नंबर प्लेट लगी हुई थी। गाड़ी चालक मौका पाकर भाग गया। आरटीए कार्यालय में गाड़ी का रिकॉर्ड जांचा तो सही मिला, जबकि दूसरे ओवरलोड वाहन पर इसी नंबर का फर्जी तरीके से इस्तेमाल कर सड़क पर चलाया जा रहा था। पता किया गया कि इस वाहन को गांव मंदोला निवासी अमित चलाता है। फर्जी नंबर लगाकर गाड़ी चलाने के मामले की शिकायत सिटी पुलिस को दी गई। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी अमित के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सहायक आरटीए सत्यनारायण ने बताया कि चेकिंग के दौरान ही दोनों वाहनों के चालान कर उन्हें जब्त कर लिया है।