तोशाम-जुई मार्ग पर गांव दुल्हेडी व सुंगरपुर के बीच में एक कार का संतुलन बिगड़ने से कार पेड़ से टकरा गई। जिसमें काकड़ौली निवासी दो युवकों सहित तीन की मौत हो गई। वहीं एक महिला सहित अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए हिसार के लिए निजी अस्पतालों में रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कार में एक महिला, पांच वर्षीय बच्चा व चार युवक अपने गांव काकड़ौली हुकमी से हिसार जा रहे थे। जब वे गांव दुल्हेड़ी के पास पहुंचे तो अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और कार एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी परखचे उड़ गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सभी को गाड़ी से निकाल और एंबुलेंस की सहायता से तोशाम के एसडीएच में भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने काकड़ौली हुकमी निवासी 28 वर्षीय अरुण व 26 वर्षीय धर्मबीर को मृत घोषित कर दिया। हरिलाल, जसवंत व वर्षा हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान जसवंत ने भी दम तोड़ दिया। छोटे बच्चे को कोई चोट नहीं आई है।