भिवानी। सीआईए द्वितीय की टीम ने शराब ठेकेदार पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से दो अवैध पिस्तौल व 11 कारतूस बरामद किए हैं।
गांव गरवा निवासी सुखबीर ने सिवानी पुलिस को शिकायत दी थी। सुखबीर ने बताया था कि उसके प्लॉट पर कंपनी ने शराब ठेका खोला हुआ है, जिसका निर्माण चल रहा है। 12 जून को राजेश व राकेश ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर शराब ठेका खोलने को लेकर झगड़ा किया और जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। इस संबंध में पुलिस ने केस दर्ज किया था। सीआईए द्वितीय के एएसआई कृष्ण कुमार ने लोहारू चौक सिवानी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिसकी पहचान सतीश, निवासी आजमपुर लोहारू व दीपेंद्र, निवासी खेड़ी बुरा दादरी के रूप में की। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर हासिल किया। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी सतीश से एक देशी पिस्तौल व पांच कारतूस बरामद किए। वहीं, आरोपी दीपेंद्र से एक देशी पिस्तौल व छह कारतूस बरामद किए। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अवैध हथियार 60 हजार रुपये में मध्यप्रदेश से खरीदकर लाए थे।