लघु सचिवालय में साइकिल चलाकर लोगों को मतदान करने का संदेश देते एडीसी हर्षित कुमार व अन्य।
भिवानी। जिला आयुक्त (स्काउट्स) श्रीभगवान, जिला संगठन (आयुक्त) पवन कुमार, जिला प्रशिक्षण (आयुक्त) नरेश कुमार व ग्रुप कोऑर्डिनेटर लक्ष्मण गौड़ के नेतृत्व में चंद्रशेखर आजाद ओपन ग्रुप, द हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एंड गाइड्स ने मतदाता जागरुकता रैली निकाली। 15 दिवसीय जागरुकता पखवाड़े के तहत शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय से अतिरिक्त उपायुक्त हर्षित कुमार एवं जिला शिक्षा अधिकारी नरेश महता ने हरी झंडी दिखाकर जागरुकता साइकिल रैली को रवाना किया।
रैली के माध्यम से शहरवासियों को मतदान का महत्व बताया गया। रैली में 70 रोवर्स व रेंजर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रुप कोऑर्डिनेटर लक्ष्मण गौड़, ग्रुप लीडर सागर, आयोजक अमित कुमार, सह आयोजक नवीन, सीनियर रोवर नितेश कुमार ने की। जागरुकता रैली में उपायुक्त कार्यालय से शुरू होकर रेडक्रॉस, महम गेट, रोहतक गेट, दादरी गेट, हनुमान ढाणी चौक, हालुवास गेट, जोगी वाला मंदिर चौक, वैश्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल चौक, सराय चौपटा, किरोड़ीमल मंदिर, बर्तन बाजार, घंटाघर, वैश्य कॉलेज, गवार फैक्टरी के पीछे सेवा नगर स्थित श्रीश्याम पब्लिक स्कूल के नजदीक चंद्रशेखर आजाद ओपन ग्रुप कार्यालय पर संपन्न हुई।
एडीसी हर्षित कुमार व डीईओ नरेश महता ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में मतदान प्रक्रिया महत्व रखती है। लोकतंत्र जितना मजबूत होगा, देश की तरक्की भी उतनी ही तेजी से होगी। लोकतंत्र की मजबूती व देश की तरक्की के लिए मतदान बहुत आवश्यक है। ग्रुप कोऑर्डिनेटर लक्ष्मण गौड़ ने कहा कि मतदान करना बहुत जरूरी है। मतदान से ही हम अच्छा प्रतिनिधि चुनते हैं तथा यही हमारे लोकतंत्र की खूबसूरती भी है।