भिवानी। विद्या नगर निवासी दंपती ने भिवानी डिपो के चालक व परिचालक पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था। दुर्व्यवहार मामले की शिकायत भी हरियाणा राज्य परिवहन विभाग के महानिदेशक को भेजी थी। इस पर रोडवेज विभाग ने कार्रवाई करते हुए चालक और परिचालक को निलंबित कर दिया है।
महानिदेशक को भेजी शिकायत में विद्यानगर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि वह 10 मई को वह अपनी 71 वर्षीय पत्नी, पुत्री व तीन रिश्तेदारों के साथ अयोध्या व वाराणसी की तीर्थ यात्रा कर दिल्ली लौटे थे। दिल्ली से वे हरियाणा राज्य परिवहन विभाग की बस में भिवानी के लिए सवार हुए। रास्ते में बहादुरगढ़ बस स्टैंड पर पहुंचने के बाद चालक ने बस बूथ पर न लगाकर सामने दूसरे किनारे पर लगाई, जोकि बूथ से 30 मीटर की दूरी पर था। बस खड़ी करने के बाद चालक-परिचालक भी बस से उतरकर कहीं चले गए। इसी दौरान उसकी पत्नी तथा उसकी बेटी किसी काम से बस से उतरी। इसी दौरान चालक-परिचालक आ गए तथा बस स्टार्ट कर दी।
पीड़ित के अनुसार उसने चालक-परिचालक को बताया कि उसकी पत्नी नीचे उतरी है और दो मिनट में आ जाएगी। लेकिन चालक-परिचालक ने कहा कि तुरंत बुलाकर लाओ नहीं तो अपना सामान नीचे उतार लो दूसरी बस में आ जाना। जब उसने चालक-परिचालक को बताया कि पत्नी शुगर से पीड़ित हैं तथा दोनों घुटनों के ऑपरेशन करवा रखे हैं। इस पर उन्होंने अभद्र व्यवहार करते हुए कहा कि तीर्थ यात्रा करनी जरूरी है क्या। घर पर रहा करो। इसी मामले पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने चालक व परिचालक को सस्पेंड कर दिया है।
यात्रा के दौरान यात्रियों से दुर्व्यवहार मामले की शिकायत मुख्यालय को दी गई थी, इसी मामले में भिवानी डिपो के चालक व परिचालक पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए चालक व परिचालक को सस्पेंड कर दिया गया है। विभाग मामले की जांच कर रहा है।
- विक्रम सिंह कंबोज, जीएम, भिवानी डिपो।