फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टिड्डियों को खत्म करने को रात में 9 घंटे चला अभियान

विज्ञापन
बहल क्षेत्र के गांवों में टिड्डी दल पर दवा छिड़काव के लिए ड्रोन को नियंत्रित करते अधिकारी। - फोटो : Bhiwani
विज्ञापन
शनिवार के बाद रविवार की रात को भी कृषि विभाग ने बहल क्षेत्र के गांवों में टिड्डी दल से निपटने के लिए करीब नौ घंटे सघन अभियान चलाया। विभाग ने चार फायर ब्रिगेड गाड़ियों, 35 ट्रैक्टरों और अन्य साधनों से पेड़ों पर व अन्य जगहों पर बैठे टिड्डी दल पर दवा का छिड़काव कर उनको खत्म करने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कृषि मंत्री जेपी दलाल ने केंद्र सरकार से आग्रह कर दो ड्रोन भी मंगवाए, जिन्होंने सोमवार सुबह से छिड़काव कार्य शुरू किया।
विज्ञापन

शनिवार रात को विभाग ने अपनी कार्रवाई के बाद दावा किया था कि बहल क्षेत्र के गांव बिठन, चैहड़ कलां, चैहड़ खुर्द सहित अन्य गांवों में फैले टिड्डी दल का करीब 70 प्रतिशत सफाया कर दिया है। लेकिन जो टिड्डियों शनिवार को चलाए गए ऑपरेशन से बच गई थीं, उनके लिए कृषि विभाग ने रविवार रात को सघन अभियान चलाया। रात को करीब आठ बजे शुरू किए गए अभियान में जिले के अलावा बहल और लोहारू की कृषि व राजस्व विभाग की टीम शामिल रही। टीम ने चार फायर बिग्रेड की गाड़ियों के अलावा किसानों के 35 ट्रैक्टरों से सड़क किनारे लगे पेड़ों, खेतों की मेड़ व अन्य जगहों पर क्लोरोपाइरोफॉस दवा का छिड़काव कर टिड्डी दल को खत्म करने का प्रयास किया। विभाग ने एक फॉगिंग मशीन का भी प्रयोग किया। विभाग को रात करीब साढ़े 11 बजे बारिश आने की वजह से करीब एक घंटा तक अभियान रोकना पड़ा। बारिश रुकने के बाद फिर से अभियान को शुरू किया जो सोमवार सुबह तक जारी रहा।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात को टिड्डी दल को मारने के लिए 250 से 300 हेक्टेयर भूमि में करीब 270 लीटर दवा मिला हुआ ढाई लाख लीटर पानी का छिड़काव किया गया। सोमवार को विभाग ने दावा किया कि शनिवार रात को अभियान में जो टिड्डियां बची थीं, उसमें से अधिकतर टिड्डियों को रविवार रात को खत्म कर दिया है। शनिवार को जो टिड्डी दल आया था, उससे अब बहल और लोहारू क्षेत्र पूरी तरह से मुुक्त है। विभाग की कार्रवाई से बिठन, चैहड़ कलां, चैहड़ खुर्द सहित अन्य गांवों में टिड्डी दल पर पूरा नियंत्रण है। वहीं, किसान शनिवार, रविवार के बाद सोमवार को भी अपने अपने खेतों में टिड्डी दल से बचाव के लिए डेरा डाले हुए हैं। विभाग ने किसानों को अलर्ट किया है कि जैसे ही कोई टिड्डी दल दिखे तो खेतों में आवाज कर उनको भगाने का प्रयास करें और विभाग को सूचित करें।
विज्ञापन

प्रदेश में शनिवार शाम को आए टिड्डी दल को खत्म करने में कृषि विभाग की मेहनत से काफी हद तक सफलता मिली है। वह अभियान की हर पल की कार्रवाई पर नजर रखे हुए हैं। टिड्डी दल के अटैक से फसलों को बचाने के लिए केंद्र सरकार से आग्रह कर दो ड्रोन मंगवाए हैं जो सोमवार से दवा छिड़काव कर रहे हैं। किसानों को इस मुसीबत में घबराने की जरूरत नहीं है, प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है।
-जयप्रकाश दलाल, कृषि व किसान कल्याण मंत्री, हरियाणा।
शनिवार के बाद रविवार को कृषि विभाग की लोहारू और बहल की टीम ने करीब 270 लीटर दवा का प्रयोग कर टिड्डी दल का सफाया करने का प्रयास किया है। रविवार को काफी हद तक टिड्डी दल को नष्ट किया जा चुका है। बहल व लोहारू क्षेत्र अब टिड्डी फ्री जोन है। सोमवार सुबह से कृषि मंत्री के प्रयास से आए ड्रोनों से भी टिड्डी दलों पर छिड़काव किया जा रहा है।
विज्ञापन

- चंद्रभान श्योराण, कृषि अधिकारी, लोहारू।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें